साइक्लोन दाना- ओडिशा में तेज हवाएं और बारिश शुरू:तूफान आज रात टकराएगा; 16 घंटे उड़ानों पर रोक, 552 ट्रेनें रद्द; 6 राज्यों पर असर

बंगाल की खाड़ी से उठा चक्रवाती तूफान ‘दाना’ 18 किमी/घंटे की रफ्तार से ओडिशा तट की ओर बढ़ रहा है। गुरुवार सुबह ओडिशा के भद्रक में बारिश शुरू हो गई। साइक्लोन 24 अक्टूबर की देर रात करीब 2 बजे भितरकनिका नेशनल पार्क और धामरा पोर्ट के पास लैंड करेगा। तूफान का सबसे ज्यादा असर ओडिशा और पश्चिम बंगाल पर होगा।

भुवनेश्वर मौसम केंद्र के मुताबिक लैंडफॉल की प्रोसेस 5 घंटे चलेगी। इस दौरान तूफान 120 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से ओडिशा के उत्तरी हिस्से से गुजरेगा।स्थानीय पुलिस ने ओडिशा के तटीय इलाकों से बच्चों और लोगों को सुरक्षित जगह पहुंचाया।

इसके चलते भुवनेश्वर और कोलकाता एयरपोर्ट पर गुरुवार शाम 5 बजे से 25 अक्टूबर सुबह 9 बजे तक करीब 16 घंटे फ्लाइट्स कैंसिल रहेंगी।

इसके अलावा 552 ट्रेनें भी रद्द की गई हैं। साउथ ईस्ट रेलवे ने 150, ईस्ट कोस्ट रेलवे ने 198, ईस्टर्न रेलवे ने 190 ट्रेनें और साउथ ईस्ट सेंट्रल रेलवे ने 14 ट्रेनें रद्द कर दी हैं।ओडिशा के केंद्रपाड़ा में भी गुरुवार को तेज हवाएं चलने लगीं।

ओडिशा के 14 जिलों में स्कूल-कॉलेज की 25 अक्टूबर तक छुट्टी की गई है। इन जिलों के 10 लाख लोगों को शिफ्ट किया जा रहा है। सरकारी कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द की गई हैं। सभी टूरिज्म पार्क, ओडिशा हाईकोर्ट 25 अक्टूबर तक बंद कर दिए हैं।

ओडिशा ने नेशनल डिजास्टर रिलीफ फोर्स (NDRF), ओडिशा डिजास्टर रिलीफ फोर्स (ODRF) और फायर ब्रिगेड की 288 टीमें तैनात की हैं।