DRG की महिला कमांडोज ने अफसरों को बांधी राखी:इनमें से कुछ सरेंडर नक्सली, अब बहन बनकर पुलिस से मांगा रक्षा का वचन

Acn18.com/छ्त्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में DRG की महिला कमांडोज ने SP, ASP, DSP समेत अन्य अफसरों को राखी बांधी। इनमें कुछ हार्डकोर सरेंडर महिला नक्सली भी शामिल थीं। जिन्होंने पुलिस अफसरों की कलाई में रक्षा सूत्र बांधकर रक्षा का वचन मांगा है। इधर, अफसरों ने भी DRG की बहनों को रक्षा का वचन दिया है।

दरअसल, दंतेवाड़ा के पुलिस लाइन कारली में धूम-धाम से रक्षाबंधन का त्यौहार मनाया गया। इस मौके पर दंतेवाड़ा के SP गौरव राय, ASP आर के बर्मन समेत जिले के अन्य अफसर मौजूद रहे। महिला DRG, दंतेश्वरी फाइटर्स और बस्तर फाइटर्स की महिला कमांडोज ने अफसरों और पुलिस जवानों को राखी बांधी। सुरक्षा का वचन लिया।

SP गैराव राय ने सभी को बेहतर कार्य करने के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि, इनमें कुछ सरेंडर महिला नक्सली भी शामिल हैं। जो समाज की मुख्यधारा से जुड़कर अब खुशहाल जीवन जी रही हैं। पुलिस बल में शामिल होकर नक्सल उन्मूलन कर शांति बहाल करने अपना योगदान दे रही हैं। जिन्होंने हमें भाई मानकर हमारी कलाई पर राखी बांधी है और रक्षा का वचन लिया है।

CRPF जवानों को भी बांधी राखी
इधर, दंतेवाड़ा जिले के नक्सल प्रभावित कुंदेली गांव में स्थित CRPF जवानों के कैंप में भी रक्षाबंधन का त्यौहार मनाया गया। खास बात रही की इलाके की महिला, युवतियां कैंप पहुंचीं। जिन्होंने जवान भाइयों की आरती उतारी, तिलक लगाया और कलाई पर राखी बांधी। जवानों ने भी गांव की बहनों को सुरक्षा का वचन दिया।