बस्तर . बस्तर ओलिंपिक का संभाग स्तरीय आयोजन का आज से आगाज हो रहा है। जिसका आयोजन जगदलपुर में किया जा रहा है। 11 दिसंबर से शुरू हो रहे कार्यक्रम का समापन 13 दिसंबर को होगा। इस कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे, जबकि समापन समारोह में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह शामिल होकर विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित करेंगे।
सैकड़ों खिलाड़ी लेंगे भाग
इस प्रतियोगिता में बस्तर संभाग के सात जिलों कांकेर, बस्तर, दंतेवाड़ा, सुकमा, नारायणपुर, बीजापुर और कोंडागांवके सैकड़ों खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। इसके साथ ही सरेंडर किए नक्सली और नक्सल हिंसा से प्रभावित परिवारों के सदस्य भी इस आयोजन में प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं।
सरेंडर नक्सलियों और नक्सल पीड़ित परिवार के लोग होंगे शामिल
बस्तर के IG सुंदरराज पी के अनुसार, इस बार विभिन्न खेलों में करीब 761 प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं। इसमें सरेंडर नक्सलियों और नक्सल पीड़ित परिवारों की एक अलग टीम ‘नुआ बाट’ भी शामिल है। पिछले वर्ष की तुलना में प्रतिभागियों की संख्या में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है, जिससे खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ा है।
पूर्व में ब्लॉक और जिला स्तर पर प्रतियोगिताएं आयोजित
पूर्व में ब्लॉक और जिला स्तर पर प्रतियोगिताएं आयोजित की गई थीं, जिनके विजेता अब संभाग स्तरीय मुकाबलों में प्रतिभा दिखा रहे हैं। कबड्डी, रस्साकशी, दौड़, बैडमिंटन, तीरंदाजी, हॉकी, वॉलीबॉल और एथलेटिक्स सहित कई खेलों का आयोजन किया जा रहा है, जिसका संपूर्ण खर्च जिला प्रशासन वहन कर रहा है।
13 दिसंबर को समापन समारोह के लिए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह बस्तर दौरे पर रहेंगे। वे जगदलपुर के इंदिरा प्रियदर्शिनी स्टेडियम में कार्यक्रम में शामिल होंगे। वर्ष 2024 में भी उन्होंने बस्तर ओलिंपिक में भाग लेकर 2026 तक नक्सलवाद समाप्त करने का लक्ष्य दोहराया था।




