Acn18. Come.कोरबा में अवैध शराब के कारोबार पर आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश पर 1 से 10 सितंबर तक चलाए गए अभियान में विभाग ने 61 आपराधिक मामले दर्ज किए हैं.
कार्रवाई के दौरान कुल 178.870 लीटर महुआ शराब और 325 किलो लाहन जब्त किया गया। वहीं 11 आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत गैर-जमानती अपराध दर्ज कर उन्हें कोर्ट में पेश किया गया, जहां से सभी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
उपनिरीक्षक दीपमाला लक्षवानी की टीम ने नगोई, लाफा और अंडीकछार में दबिश देकर 5 आरोपियों को पकड़ा। इनके कब्जे से 82.9 लीटर महुआ शराब और 285 किलो लाहन बरामद हुआ।
वहीं उपनिरीक्षक सुकांत पांडेय की टीम ने सुतर्रा, मानपुर और कुदरीखार में छद्म ग्राहक भेजकर कार्रवाई की और 44.700 लीटर शराब जब्त की।
इसके अलावा बांधपारा-जुनवानी, भैसमाखार और रलिया में भी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों से करीब 47.5 लीटर शराब बरामद की गई।
आबकारी विभाग के मुताबिक छत्तीसगढ़ में 5 लीटर से ज्यादा अवैध शराब रखना, बनाना, बेचना या परिवहन करना गैर-जमानती अपराध है। ऐसे मामलों में 1 से 3 साल तक की जेल और जुर्माने का प्रावधान है।
कोरबा में अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की यह कार्रवाई आगे भी जारी रहने की बात कही गई है।









