बेमेतरा। Bemetara Breaking: छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले के नवागढ़ क्षेत्र में बच्चा चोरी के शक में ग्रामीणों ने मध्यप्रदेश से आए चार संदिग्धों को पकड़ने की कोशिश की। आरोप है कि ये लोग गांव में घूम रहे थे और दो मासूम बच्चियों को अपने साथ ले जाने का प्रयास कर रहे थे। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया।
दो मासूम बच्चियों को ले जाने का आरोप
मामला नवागढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम मुरता का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, चार संदिग्ध लोग गांव में पहुंचे थे। इसी दौरान ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि वे दो मासूम बच्चियों को अपने साथ ले जा रहे थे।
बच्चियों को ले जाते देख ग्रामीणों ने संदिग्धों का पीछा किया। इस दौरान ग्रामीणों ने एक युवक को पकड़ लिया, जबकि उसके साथ मौजूद दो महिलाएं और एक अन्य पुरुष मौके से फरार हो गए।
पकड़े गए युवक की ग्रामीणों ने की पिटाई
ग्रामीणों द्वारा पकड़े गए युवक के साथ मारपीट किए जाने की भी जानकारी सामने आई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को अपने कब्जे में लिया।
पुलिस अब पकड़े गए संदिग्ध से पूछताछ कर रही है और फरार तीन लोगों की तलाश में जुटी है।
बच्चा चोरी के आरोपों की पुलिस कर रही जांच
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि चारों लोग गांव में किस उद्देश्य से पहुंचे थे और बच्चियों को अपने साथ ले जाने की घटना की वास्तविकता क्या है।
फिलहाल ग्रामीणों की ओर से लगाए गए बच्चा चोरी के आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर भरोसा नहीं करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।








