Home Uncategorized प्रेम प्रसंग, पुराना विवाद और फिर खूनी साजिश… अमित भंडारी हत्याकांड का...

प्रेम प्रसंग, पुराना विवाद और फिर खूनी साजिश… अमित भंडारी हत्याकांड का खुलासा, एक महिला समेत 3 आरोपी गिरफ्तार

0
5

Acn18. Com भरत सिंह चौहान.जांजगीर-चांपा जिले के मुलमुला थाना क्षेत्र के ग्राम कोसा में हुए अमित भंडारी हत्याकांड की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है।

प्रेम प्रसंग और पुराने विवाद ने ऐसा तूल पकड़ा कि मामला सीधे हत्या तक पहुंच गया। पुलिस ने मामले में एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक, मृतक अमित भंडारी का गांव की ही युवती संतोषी सिंह से पहले से प्रेम संबंध था। संतोषी की शादी हो जाने के बाद भी दोनों के बीच बातचीत जारी थी। इसी बात को लेकर विवाद की स्थिति बनी हुई थी। बताया जा रहा है कि इसी पुराने विवाद और प्रेम प्रसंग को लेकर अमित की हत्या की साजिश रची गई।

मामला 27 जून 2026 की रात का है। अमित भंडारी अपने घर से निकला था, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। अगले दिन अमहदा तालाब के पास एक सुनसान बाड़ी में अमित का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।

घटना की सूचना मिलते ही मुलमुला पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मामला गंभीर होने के कारण पुलिस ने एसआईटी का गठन कर हत्या की गुत्थी सुलझाने की जिम्मेदारी टीम को सौंपी।

पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती थी कि आखिर अमित की हत्या किसने और क्यों की?

जांच टीम ने पारंपरिक पूछताछ के साथ तकनीकी साक्ष्यों को भी खंगालना शुरू किया।
सीडीआर, आईपीडीआर, जीपीएस लोकेशन, सीसीटीवी फुटेज और टावर डंप की बारीकी से जांच की गई।

जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ी, पुलिस का शक कुछ लोगों पर गहराता गया। संदिग्धों से पूछताछ की गई और पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान आरोपियों ने हत्या की वारदात स्वीकार कर ली।

पुलिस के अनुसार, हत्या की वारदात में बजरंग सिंह क्षत्रिय ने छोटे फावड़े यानी रापा से अमित के सिर और छाती पर जानलेवा वार किए। गंभीर चोट लगने से अमित की मौत हो गई।

इसके बाद आरोपियों ने शव को सुनसान जगह पर छिपाने का प्रयास किया। लेकिन पुलिस की तकनीकी जांच और लगातार पूछताछ के आगे कथित तौर पर पूरी साजिश का पर्दाफाश हो गया।

इस मामले में पुलिस ने बजरंग सिंह क्षत्रिय, पप्पू सिंह क्षत्रिय और संतोषी सिंह क्षत्रिय को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल रापा समेत अन्य सामान भी बरामद किया है। पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

फिलहाल अमित भंडारी हत्याकांड में एक महिला समेत तीन आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं और उनके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

एक प्रेम कहानी से शुरू हुआ विवाद आखिरकार हत्या तक कैसे पहुंचा और इस पूरी साजिश में किसकी क्या भूमिका थी—पुलिस की जांच में इन सभी सवालों के जवाब सामने आ चुके हैं।