जांजगीर-चांम्पा। पुलिस ने शराब पीने के दौरान गाली-गलौज को लेकर हुए विवाद में एक युवक की हत्या करने वाले 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपियों ने मिलकर डंडे से हमला कर और गला दबाकर युवक की हत्या की थी। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए थे, लेकिन पुलिस ने 24 घंटे के भीतर दबोच लिया।
मामला थाना चांपा क्षेत्र के घोघरा नाला इलाके का है। प्रार्थी प्रमोद कुर्रे ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 15 नवंबर 2025 की रात करीब 8 बजे सागर कर्ष अपने साथियों के साथ घोघरा नाला में शराब पी रहा था। इसी दौरान रवि चतुर्वेदी की किराना दुकान के पास उनका विवाद हो गया।
आरोपी रोहित महंत बार-बार गाली-गलौज कर रहा था। बात बढ़ने पर सागर ने उसे 3–4 थप्पड़ मारे, जिसके बाद रोहित वहां से भाग गया। बाद में सागर कर्ष अपने साथियों नागेश्वर नायडू, अश्वनी सतनामी, विजय श्रीवास, विनय कुर्रे और आकाश उर्फ अज्जू साहू के साथ नदी किनारे मुक्तिधाम के पास बैठा था।
पीट-पीटकर कर दी हत्या
रात लगभग 9:30 बजे रोहित महंत दोबारा वहां पहुंचा और फिर से गाली-गलौज शुरू कर दी। इससे गुस्से में आकर सभी आरोपियों ने मिलकर हत्या की योजना बना ली। नागेश्वर, अश्वनी, विजय, विनय और आकाश ने रोहित के हाथ-पैर पकड़ लिए और सागर कर्ष ने डंडे से उसके सिर पर जानलेवा वार किया, जिससे वह बेहोश हो गया। इसके बाद सभी ने मिलकर उसका गला दबाकर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए तुरंत सूचना एसपी विजय कुमार पाण्डेय (IPS), एएसपी उमेश कश्यप और एसडीओपी चांपा यदुमणी सिदार को दी गई। अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम बनाकर आरोपियों की तलाश शुरू हुई।
6 आरोपी गिरफ्तार
चांपा पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से सभी 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में शुरू में आरोपी गुमराह करते रहे, लेकिन बारीकी से पूछताछ पर सभी ने अपराध स्वीकार कर लिया।
आरोपी सागर कर्ष के कब्जे से घटना में प्रयुक्त डंडा भी बरामद किया गया है। सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।




