रायपुर के एक कपल को सड़क पर रोमांस करना भारी पड़ गया। ये जोड़ा चलती गाड़ी में एक दूसरे को गले लगाए घूम रहा था। स्कूटी में इनका एक और दोस्त भी सवार था जो गाड़ी को चला रहा था। पीछे गर्लफ्रेंड बॉयफ्रेंड साथ मिलकर बैठे थे। किसी ने इसका वीडियो बनाकर रायपुर की ट्रैफिक पुलिस से शिकायत कर दी।
इस वीडियो को मिलते ही पुलिस हरकत में आई। गाड़ी के नंबर के आधार पर युवकों का पता लगाया गया। इसके बाद इन्हें ट्रैफिक थाने बुलाकर पुलिस ने भारी-भरकम जुर्माना ठोका। इनके परिजनों को भी पुलिस ने इनकी हरकतों की जानकारी दी। इसके बाद इनका एक वीडियो बनाया गया। इसमें ये दोनों युवक कह रहे हैं कि हमने जो हरकत की ऐसी गलती न करें, ये सड़क पर जानलेवा साबित हो सकता है।
मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई
रायपुर ट्रैफिक पुलिस के DSP गुरजीत सिंह ने बताया कि दोपहिया वाहन में सवार एक महिला सहित तीन व्यक्ति, अशोभनीय तरीके से सवार होकर सड़क पर जा रहे थे, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इन पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए 12,500/- रूपये का जुर्माना किया गया।




