कोरबा जिले के मोरगा चौकी क्षेत्र अंतर्गत केंदई नेशनल हाईवे पर झरना मोड़ के पास गुरुवार देर रात करीब 12 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। जहां दो कारों की आमने-सामने टक्कर में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। हालांकि, दोनों वाहनों के एयरबैग खुल गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर भीड़ जमा हो गई। तत्काल मोरगा चौकी पुलिस और 112 नंबर पर सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस को बुलाकर घायलों को अस्पताल भेजा गया।
घायलों को पोड़ी स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया
पुलिस ने सभी घायलों को एंबुलेंस के जरिए पोड़ी उपरोड़ा स्थित स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद दो गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है।



