रायपुर . रायपुर के एक जर्जर मकान में 84 वर्षीय जागेश्वर प्रसाद अवधिया आज भी अपनी बीती ज़िंदगी के दर्द को ढो रहे हैं। अविभाजित मध्यप्रदेश के स्टेट रोड ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन में क्लर्क रहे अवधिया को 1986 में ₹100 की रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। लगभग 39 साल तक न्याय की प्रतीक्षा करने के बाद छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने उन्हें बाइज़्ज़त बरी कर दिया। लेकिन इस लंबे इंतज़ार ने उनकी दुनिया बदल दी—पत्नी का इंतकाल हो गया, जवानी बीत गई, और मध्यप्रदेश से अलग होकर छत्तीसगढ़ जैसा नया राज्य भी बन गया, जो अब 25 साल का हो चुका है।
100 रुपये जबरदस्ती जेब में ठूंस दिए
जागेश्वर बताते है कि अशोक के परिवार में कोई पुलिस में था उसने उन्हें फंसाने की साजिश रची और जब 24 अक्टूबर 1986 को वर्मा घर से ऑफिस के लिए निकल रहे थे फिर से 100 रुपये जबरदस्ती उनकी जेब में ठूंस दिए, वहां विजिलेंस टीम भी मौजूद थी और सड़क पर ही टीम ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया, घर में भी छापा मारा और मामला न्यायलय में चलने लगा. साल 1988 में उन्हें सस्पेंड कर दिया गया, बहाली फिर से 1994 में हुई।
घर-परिवार, नौकरी सब हो चुका बर्बाद
जागेश्वर बताते हैं कि इस घटना के बाद उनका और परिवार का जीवन पटरी से उतर गया. 1988 से 1994 तक वे निलंबित रहे फिर रीवा स्थानांतरित कर दिए गए. वेतन आधा हो गया. प्रमोशन और इंक्रीमेंट रुक गए. चार बच्चों वाले परिवार को आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ा. जागेश्वर बताते हैं कि बच्चों की फीस नहीं भर सका. उनकी पढ़ाई अधर में लटक गई। उनकी पत्नी लगातार तनाव में रही और अंततः चल बसी. छोटे बेटे नीरज अवधिया की शादी भी मुफलिसी की वजह से नहीं हुई। समाज ने उन्हें रिश्वतखोर कहा और पूरे परिवार तिरस्कृत किया गया।
एक साल की सजा और 1,000 जुर्माना
साल 2004 में रायपुर के ट्रायल कोर्ट ने जागेश्वर को दोषी ठहराते हुए एक साल की सजा और 1,000 रुपये जुर्माना सुनाया. लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और हाईकोर्ट में अपील की. अब हाईकोर्ट की जस्टिस बीडी गुरु की बेंच ने फैसला सुनाते हुए कहा कि अभियोजन पक्ष रिश्वत मांगने या लेने का कोई ठोस सबूत पेश नहीं कर सका. गवाह, दस्तावेज और परिस्थितिजन्य साक्ष्य अपर्याप्त थे। अदालत ने 1947 और 1988 के भ्रष्टाचार कानूनों के अंतर को रेखांकित करते हुए ट्रायल कोर्ट का फैसला पलट दिया. 39 साल बाद जागेश्वर को निर्दोष करार दिया गया है।




