लखनऊ-काशी समेत 5 कोर्ट उड़ाने की धमकी, NSG-ATS पहुंची: कैंपस खाली कराया, जज भी
निकलकर बाहर आए

लखनऊ, वाराणसी, अयोध्या, मेरठ और मिर्जापुर कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। सभी जगहों पर धमकी का ईमेल सरकारी मेल पर आया। इसका पता लगते ही हड़कंप मच गया। फिलहाल, पांचों कोर्ट परिसरों को पुलिस ने खाली करा दिया है।
कोर्ट की कार्रवाई को फिलहाल रोक दिया गया है। काशी में 3 हजार से अधिक वकील और 5 हजार वादकारियों ने आनन-फानन में कोर्ट छोड़ दिया। जिला जज भी कैंपस से बाहर आ गए। पुलिस, डॉग स्क्वॉड और बम स्क्वॉड की टीमें कोर्ट के एक-एक कोने की जांच कर रही हैं। हालांकि, अभी तक कहीं भी कुछ नहीं मिला है।
अब एटीएस (ATS), बीडीएस (Bomb Disposal Squad) और डॉग स्क्वाड ने चप्पे-चप्पे की दो बार तलाशी ली है, अब एनएसजी के कमांडो बुलाए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, ज्यादातर मेल का पैटर्न एक जैसा है। हालांकि, मेल किसने भेजा और कहां से आया, इसका पता अब तक नहीं चल पाया है। पुलिस जांच कर रही है कि एक साथ मेल क्यों भेजे गए। क्या इसके पीछे कोई साजिश है।
सूत्रों के मुताबिक, पूरे मामले पर लखनऊ के बड़े अफसर नजर रख रहे हैं। साइबर सेल और सुरक्षा एजेंसियां भी जांच में जुट गई हैं।

वाराणसी कोर्ट में 23 नवंबर 2007 को बम विस्फोट हुआ था। इसमें 3 वकीलों समेत 9 लोगों की मौत हुई थी, जबकि 50 लोग घायल हुए थे। यही वजह है कि धमकी को पुलिस बेहद गंभीरता से ले रही है। इसलिए बम और डॉग स्क्वॉड के साथ ATS और STF को भी बुलाया गया है।




