छत्तीसगढ़ में तीन राज्यों के कांग्रेस जिलाध्यक्षों की होगी संयुक्त ट्रेनिंग, राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे होंगे शामिल

रायपुर। कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाने की तैयारी है। कांग्रेस के दीपक बैज ने संकेत दिए हैं कि उड़ीसा, झारखंड और छत्तीसगढ़ के जिलाध्यक्षों की संयुक्त ट्रेनिंग छत्तीसगढ़ में आयोजित की जाएगी।
पीसीसी चीफ दीपक बैज ने बताया कि पार्टी की आला कमान से इसके संकेत मिल चुके हैं, फिलहाल ट्रेनिंग कैंप के लिए उपयुक्त स्थान तय किया जा रहा है। प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत तीनों राज्यों के 100 से अधिक जिलाध्यक्षों को प्रशिक्षण देने की योजना है।
बताया जा रहा है कि यह ट्रेनिंग करीब 10 दिनों तक चलेगी, जिसमें संगठन संचालन, चुनावी रणनीति, जनसंपर्क, सोशल मीडिया और बूथ मैनेजमेंट जैसे विषयों पर गहन प्रशिक्षण दिया जाएगा। खास बात यह है कि इस प्रशिक्षण शिविर में दिल्ली से वरिष्ठ नेता और ट्रेनर शामिल होंगे।
दीपक बैज के अनुसार, ट्रेनिंग कार्यक्रम में कांग्रेस के शीर्ष नेता राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे के भी शामिल होने की संभावना है। दोनों नेता जिलाध्यक्षों को सीधे मार्गदर्शन देंगे और संगठनात्मक मजबूती पर फोकस करेंगे।
कांग्रेस का मानना है कि इस संयुक्त प्रशिक्षण से तीनों राज्यों में संगठनात्मक तालमेल बढ़ेगा और आगामी चुनावों की तैयारियों को नई धार मिलेगी। पार्टी इसे ग्राउंड लेवल लीडरशिप को मजबूत करने की रणनीति के रूप में देख रही है




