कोरबा। आत्म निर्भर भारत एवं स्वदेशी संकल्प अभियान के तहत आज शासकीय ई वी स्नातकोत्तर महाविद्यालय कोरबा में कार्यक्रम संपन्न हुआ। जिसमें मुख्य वक्ता के रूप में भाजपा जिला कोरबा के जिला मंत्री अजय कुमार दुबे एवं भाजपा जिला महामंत्री अजय विश्वकर्मा शामिल हुए।
कार्यक्रम का प्रारंभ मुख्य वक्ता अजय कुमार दुबे एवं संस्था की प्राचार्य श्रीमती शिखा शर्मा के द्वारा मां सरस्वती जी एवं भारत माता की पूजा अर्चना कर किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा मां सरस्वती वंदना किया गया। तत्पश्चात् राष्ट्रीय गीत वन्दे मातरम् का गायन कराया गया।
इस अवसर पर मुख्य वक्ता अजय कुमार दुबे ने आत्म निर्भर भारत एवं स्वदेशी पर अपने विचार रखते हुए कहा कि भारत प्राचीन काल में सोने की चिडिय़ा कहलाता था। किंतु विदेशी मुस्लिम आक्रांताओं ने भारत को लूटना प्रारंभ किया।बाद में अंग्रेजों ने इस क्रम को जारी रखा। दुर्भाग्य का विषय यह रहा कि स्वतंत्रता के पश्चात हमारे नीति निर्धारकों ने भी इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया। हम सभी सौभाग्य शाली हैं ,कि देश के वर्तमान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 1947 तक भारत को विकसित भारत बनाने का एक निश्चित रोड मैप तैयार किया है। आज हमारा देश विश्व की चौथी बड़ी अर्थव्यवस्था बन गई है। युवा हमारे देश के भविष्य हैं। अत: आप सभी को स्वदेशी के मार्ग में चल कर देश को विकसित बनाना है। आत्म निर्भर भारत एवं स्वदेशी पर विषय रखने के पश्चात अजय कुमार दुबे ने सभी को स्वदेशी का संकल्प दिलवाया एवं स्वदेशी पत्रक भरवाया और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के विषय से सभी को अवगत कराते हुये भारत माता का चित्रण प्रदान किया। कार्यक्रम के अंत में गुरु घासीदास जयंती के अवसर पर संस्था की प्राचार्य डॉ शिखा शर्मा ने नशा मुक्ति हेतु सभी से संकल्प करवाया।
इस अवसर पर संस्था की प्राचार्य डा.श्रीमती शिखा शर्मा, अर्थशास्त्र के प्राध्यापक एस. के. गोभील, हिंदी की प्राध्यापक श्रीमती डा. धनेश्वरी दुबे , सहायक प्राध्यापक बलराम कुर्रे आदि ने भी स्वदेशी विषय पर अपने विचार रखे। जबकि मंच संचालन एवं समापन पर आभार प्रदर्शन सहायक प्राध्यापक गृह विज्ञान अजय कुमार पटेल ने किया।




