दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले के पास सोमवार शाम हुए विस्फोट ने पूरे शहर को हिलाकर रख दिया।शाम 6 बजकर 52 मिनट पर लालकिले के पास एक कार में धमाका हुआ, जिसमें नौ लोगों की मौत हो गई और 20 लोग घायल हो गए। मृतकों में एक दिल्ली और एक यूपी के अमरोहा का रहने वाला है। यह धमाका, लालकिला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर एक के बाहर आई-20 कार में हुआ। इस धमाके ने न केवल आसपास के बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी मचा दी, बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा पर गंभीर सवाल भी खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने इस मामले में UAPA के तहत मामला दर्ज कर लिया है। जांच एजेंसियां सभी एंगल से पड़ताल कर रही हैं। दिल्ली धमाके से जुड़े सभी बड़े अपडेट जानने के लिए बने रहिए लाइव हिंदुस्तान के साथ।
षड्यंत्रकारियों को बख्शा नहीं जाएगा: PM मोदी
दिल्ली धमाके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली धमाके के पीछे के षड्यंत्र का पता लगाने में हमारी एजेंसियां जुटी हुई हैं। षड्यंत्रकारियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। बता दें कि पीएम मोदी भूटान दौरे पर हैं।
फतेहपुर तगा की कॉलोनी में पुलिस का सघन तलाशी अभियान
फरीदाबाद के गांव फतेहपुर तगा की कॉलोनी में सोमवार को बड़ी मात्रा में संदिग्ध विस्फोटक और ज्वलनशील पदार्थ बरामद होने के बाद मंगलवार सुबह पुलिस ने कॉलोनी में सघन तलाशी अभियान शुरू किया। एसीपी शैलेन्द्र की अगुवाई में लगभग 800 पुलिसकर्मी इलाके की हर गली और घर की बारीकी से जांच कर रहे हैं।




