
कोरबा। लोहे के पुल को रातों-रात गायब करने के मामले में मशहूर हुए कबाड़ चोर बरबट्टी उर्फ मुकेश साहू के राताखार बस्ती स्थित अवैध माकन को तोड़ने के लिए प्रशासन और पुलिस की टीम आज मौके पर पहुंची। इस दौरान मुकेश के परिजनों और स्थानीय पार्षद द्वारा घर का सामान हटाने के लिए समय देने की काफी गुजारिश के बाद प्रशासन ने 3 घंटे का समय दिया है।
कुछ माह पूर्व ही कोहड़िया के पास नहर के ऊपर बने पुल को रातों-रात काटकर बेच दिया गया था। मामले की जांच के बाद मुकेश साहू नामक शख्स को पकड़ा गया, जो कबाड़ चोर गिरोह का सरगना निकला। उसके साथ ही इस चोरी में शामिल लगभग डेढ़ दर्जन लोगों को गिरफ्तार किया गया। इस वाकये के बाद प्रमुख कबाड़ियों को निशाने पर लिया गया और इनके ठिकानों का पता लगाया गया। इसी कड़ी में बरबट्टी उर्फ़ मुकेश साहू के राताखार स्थित मकान की नापजोख की गई। इस दौरान पता चला कि मुकेश का मकान सरकारी जमीन पर निर्मित है और बिना किसी अनुमति के इसे बनाया गया है।
इस खुलासे के बाद मुकेश साहू द्वारा अवैध तरीके से बनाये गए मकान को तोड़ने के लिए प्रशासन द्वारा नोटिस जारी किया गया। इसके साथ ही विधिवत तरीके से समय देते हुए मकान तोड़ने की नोटिस जारी की गई। समय सीमा बीत जाने के बाद आज प्रशासन की टीम राताखार पहुंची, मगर तोड़फोड़ की कार्रवाई शुरू होने से पहले ही मुकेश साहू के परिजनों ने मकान का सामान खाली करने के लिए प्रशासनिक टीम से 5 दिनों का समय मांगा मगर अफसर इससे इंकार करते रहे। इस बीच मौके पर पहुंचे स्थानीय पार्षद रवि चंदेल ने किसी उच्च अफसर से कुछ दिनों का समय देने की मांग की।
काफी प्रयास के बाद आखिरकार मौके पर मौजूद अफसरों ने मकान से सामान खाली करने के लिए 3 घंटे का समय दिया है, जिसके के बाद तोडू दस्ता मौके पर पहुंचेगा और मकान को जमींदोज करेगा।




