उमेश पाल हत्याकांड में 8 दिन में दूसरा एनकाउंटर:उमेश पर पहली गोली चलाने वाला उस्मान ढेर, CCTV में नजर आया था

0
171

acn18.com प्रयागराज /उमेश पाल हत्याकांड में UP पुलिस को सोमवार सुबह बड़ी कामयाबी मिली। प्रयागराज में कौंधियारा के लालपुर इलाके में इस हत्याकांड से जुड़े दूसरे आरोपी शूटर विजय उर्फ उस्मान चौधरी को एनकाउंटर में मार गिराया। उस्मान ने ही उमेश पाल पर सबसे पहले गोली चलाई थी। वह CCTV में नजर आया था।

यह 8 दिन में दूसरा एनकाउंटर है। इससे पहले 27 फरवरी को बदमाश अरबाज को एनकाउंटर में मार गिराया था। अरबाज शूटरों को कार से घटनास्थल पर ले गया था। उमेश की हत्या 24 फरवरी को करीब 7 शूटर्स ने की थी। 7 बैकअप में थे।

प्रयागराज पुलिस ने एनकाउंटर का सटीक समय अभी नहीं बताया है। हालांकि, यह तड़के 4 से 5 बजे के बीच बताया जा रहा है। उस्मान की फायरिंग में एक सिपाही नरेंद्र भी जख्मी हो गया, जबकि जवाबी फायरिंग में उस्मान को गोली लगी। पुलिस उसे तुरंत एसआरएन हॉस्पिटल लेकर आई। वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

अतीक का शार्प शूटर था, बेटे उस्मान बुलाते थे
24 फरवरी को जैसे ही उमेश गाड़ी से उतरा, उस्माम ने फायरिंग शुरू कर दी। उस्मान की गोली लगते ही उमेश जमीन पर गिर गया था। इसका पूरा CCTV फुटेज सामने आया था। पहले पुलिस ने उस्मान पर 50 हजार का इनाम रखा था। विजय उर्फ उस्मान चौधरी के बारे में बताया जाता है कि वह अतीक गैंग का शार्प शूटर था। अतीक के बेटों ने ही उसको उस्मान नाम दिया था।

यह फोटो अस्पताल का है। उस्मान को सीने में गोली लगने की बात कही जा रही है।
यह फोटो अस्पताल का है। उस्मान को सीने में गोली लगने की बात कही जा रही है।
प्रयागराज पुलिस के सीनियर अफसरों ने घटनास्थल का दौरा किया। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य इकट्ठा किए।
प्रयागराज पुलिस के सीनियर अफसरों ने घटनास्थल का दौरा किया। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य इकट्ठा किए।

7 शूटर्स थे; दो मारे गए, 5 फरार
उमेश पाल हत्याकांड में 7 शूटर्स शामिल थे। इनमें से दो का एनकाउंटर कर दिया है। 5 की तलाश की जा रही है। इन पर पुलिस ने इनाम राशि को रविवार को बढ़ाकर ढाई-ढाई लाख कर दिया था। इनके अलावा, अतीक अहमद, उसकी अशरफ पत्नी शाइस्ता परवीन, उसका भाई अशरफ और उनके बेटे समेत कई लोगों को आरोपी बनाया है। अतीक अहमद अहदाबाद और अशरफ बरेली की जेल में बंद है। अतीक के बेटे हत्याकांड के बाद से फरार हैं।

लालापुर में छिपा था उस्मान, पुलिस ने घेरा
प्रयागराज SOG और पुलिस के मुताबिक, उस्मान प्रयागराज के कौंधियारा के लालापुर में छिपा था। वह लालापुर का ही रहने वाला था। यहां एसओजी की टीम ने घेराबंदी की तो उस्मान ने फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस की जवाबी फायरिंग में गोली लगी। बताया जा रहा है कि उसको दो गोली लगी है। हालांकि, पुलिस की तरफ से इसकी कोई पुष्टि नहीं की गई।

एनकाउंटर के बाद देवरिया विधायक शलभ मणि त्रिपाठी ने भी ट्वीट किया।
एनकाउंटर के बाद देवरिया विधायक शलभ मणि त्रिपाठी ने भी ट्वीट किया।

उमेश पाल हत्याकांड का दूसरा एनकाउंटर, पहले ड्राइवर का हुआ था
इस हत्याकांड में पुलिस ने 27 फरवरी को भी एक बदमाश अरबाज को एनकाउंटर में मार गिराया था। दावा किया कि अरबाज शूटरों को कार से घटनास्थल पर ले गया था। फिर वारदात के बाद वापस चकिया लेकर आया था। 27 फरवरी को सुलेमसराय के नेहरू पार्क के पास अरबाज का एनकाउंटर किया गया था।

44 सेकेंड में उमेशपाल हत्याकांड दिया था अंजाम
प्रयागराज में 24 फरवरी को उमेश पाल और उनके 2 गनर की बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। उमेश के गाड़ी से उतरते ही बदमाशों ने उन पर फायरिंग कर दी थी। बदमाशों ने इस हत्याकांड को 44 सेकेंड में अंजाम दिया था। उमेश और एक गनर की मौके पर मौत हुई। जबकि एक गनर की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई थी।

6 मार्च का राशिफल:तुला राशि के लोगों को उपलब्धि और अच्छी खबर मिलने के योग हैं, धनु राशि वालों के रूके काम शुरू हो सकते हैं