एसईसीएल-सीएमडी ने गेवरा क्षेत्र का किया औचक निरीक्षण. सुरक्षा और दक्षता पर दिया जोर….

0
10

एसईसीएल-सीएमडी ने गेवरा क्षेत्र का किया औचक निरीक्षण. सुरक्षा और दक्षता पर दिया जोर….

कोरबा (ईएमएस) साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) के चेयरमैन-कम-मैनेजिंग डायरेक्टर (सीएमडी) हरीश दुहन ने गेवरा क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खनन कार्यों की प्रगति और भविष्य की योजनाओं का जायजा लिया। निरीक्षण में एरिया के महाप्रबंधक सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उनके साथ उपस्थित रहे।

सीएमडी हरीश दुहन ने खदान में चल रहे कार्यों, उत्पादन व्यवस्था, मशीनरी की स्थिति और सुरक्षा उपायों का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने कर्मचारियों और अधिकारियों को निर्देश दिए कि खनन कार्यों के दौरान सुरक्षा नियमों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए। श्री दुहन ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने उत्पादन क्षमता बढ़ाने और कार्यक्षमता सुधारने पर भी जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को आधुनिक तकनीक और बेहतर योजना के माध्यम से उत्पादन लक्ष्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। फील्ड में कार्यरत टीमों से संवाद कर उनकी समस्याओं और सुझावों को भी सुना।कॉन्ट्रैक्टरों से भी बातचीत कर उन्हें गुणवत्ता तथा सुरक्षा मानकों का पालन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने खदान में किए गए नए विकास कार्यों और सुधारों की सराहना करते हुए टीम के प्रयासों की प्रशंसा की।

इस निरीक्षण से गेवरा एरिया में कार्यरत अधिकारियों और कर्मचारियों में उत्साह देखा गया। प्रबंधन का मानना है कि इस प्रकार के औचक निरीक्षण से कार्यप्रणाली में सुधार होता है और उत्पादन के साथ-साथ सुरक्षा मानकों को भी मजबूती मिलती है।