Raipur Crime News: रायपुर में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा गिरोह का भंडाफोड़, 6 सटोरिए गिरफ्तार, 92.50 लाख का मशरूका जब्त

रायपुर। राजधानी रायपुर में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के बड़े गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। रायपुर क्राइम ब्रांच ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 6 ऑनलाइन सटोरियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 37 लाख 50 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं, जबकि कुल मिलाकर 92 लाख 50 हजार रुपये के मशरूका की जब्ती की गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में रखब देव पाहुजा, पीयूष जैन, जितेन्द्र कुमार कृपलानी उर्फ जित्तू, दीपक अग्रवाल, कमल राघवानी और सचिन जैन शामिल हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी jmdbet777.com और Classic777.com नामक ऑनलाइन सट्टा वेबसाइटों के जरिए मास्टर आईडी बनाकर क्रिकेट सट्टा चला रहे थे।

क्राइम ब्रांच ने कार्रवाई के दौरान 10 मोबाइल फोन और 3 लग्जरी कारें भी जब्त की हैं। जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि सट्टे से जुड़ा कैश फ्लो विदेशों से आने-जाने से संबंधित है, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है। इसी को देखते हुए पुलिस ने कई सेंट्रल एजेंसियों को भी सूचना दे दी है।
सूत्रों के मुताबिक, इस नेटवर्क से जुड़े कई बड़े कैफे संचालक भी पुलिस की रडार पर हैं, जिनकी भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस का मानना है कि शहर में ऑनलाइन सट्टे का यह नेटवर्क काफी संगठित तरीके से चलाया जा रहा था।
मामले में छत्तीसगढ़ जुआ एक्ट सहित अन्य संबंधित धाराओं में FIR दर्ज कर ली गई है। क्राइम ब्रांच का कहना है कि आगे की जांच में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों पर भी कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद रायपुर में ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ पुलिस की सख्ती का स्पष्ट संदेश गया है




