सक्ति
भरत सिंह चौहान की रिपोर्ट

– सक्ती जिले के जैजैपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कांशीगढ़ में राखड़ डंपिंग को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि सरपंच पति समेत कुछ लोगों ने एक किसान के घर में घुसकर उसके और उसके परिवार के साथ मारपीट की। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एफआईआर के अनुसार ग्राम कांशीगढ़ निवासी शांतिलाल चंद्रा, पिता बुद्धेश्वर चंद्रा, उम्र 37 वर्ष, ने जैजैपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में बताया गया है कि गांव के भजन भांठा मैदान में सरपंच पति गोपाल दास महंत और उनके साथियों द्वारा चारागाह की जमीन को खोदकर राखड़ डंपिंग का काम किया जा रहा था, जिसका शांतिलाल चंद्रा और गांव के कुछ अन्य लोगों ने विरोध किया था।
पीड़ित के मुताबिक 13 मार्च 2026 की रात करीब 8:30 बजे गोपाल दास महंत, कमलेश चंद्रा, सहदेव चंद्रा, धरमू चंद्रा, सुनील चंद्रा और संतोष दास महंत एक राय होकर उसके घर में जबरन घुस आए और गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगे।
बताया गया है कि इस दौरान गोपाल दास महंत, कमलेश चंद्रा और धरमू चंद्रा ने शांतिलाल चंद्रा के साथ हाथ-मुक्का और थप्पड़ से मारपीट की, जिससे उसके दाहिने कान और हाथ की उंगलियों में चोट आई।
बीच-बचाव करने पहुंचे देवेन्द्र चंद्रा, महेन्द्र चंद्रा, जानकी बाई, कुलेश्वर गोस्वामी और जगत साहू के साथ भी मारपीट की गई। इस दौरान देवेन्द्र चंद्रा के गले में चोट आने और उसकी गुरूमाला टूटने की बात सामने आई है। वहीं शांतिलाल चंद्रा की मां जानकी बाई को भी झूमा-झटकी कर जमीन पर गिरा दिया गया।
पीड़ित ने बताया कि इस दौरान परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी गई।
घटना के बाद परिवार से सलाह-मशविरा करने के बाद 14 मार्च 2026 को जैजैपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। “पुलिस ने प्रार्थी की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।




