Home KORBA पुलिसकर्मियों पर लाठी-डंडे, रॉड से हमला:एएसआई-हेडकांस्टेबल सहित 4 घायल, 2 की हालत...

पुलिसकर्मियों पर लाठी-डंडे, रॉड से हमला:एएसआई-हेडकांस्टेबल सहित 4 घायल, 2 की हालत गंभीर; दो पक्षों में विवाद सुलझाने पहुंची थे, गांव छावनी में तब्दील

0
82

Acn18.com/छत्तीसगढ़ के सूरजपुर में मंगलवार देर रात पुलिसकर्मियों पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। पुलिसकर्मियों को लाठी-डंडे और रॉड से जमकर पीटा। हमले में एक एएसआई और हेडकांस्टेबल सहित चार पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं। इनमें दो की हालत गंभीर है। उन्हें बेहतर उपचार के लिए अंबिकापुर रिफर किया गया है। वारदात के बाद एसपी सहित पुलिस बल मौके पर है। पूरे गांव को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। मामला बसदेई चौकी क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, बीरमताल खड़गवां गांव निवासी राजेश साहू ने मंगलवार देर रात करीब 10 बजे पुलिस को सूचना दी कि 30-40 लोगों ने उसके घर को घेर लिया है और मारपीट का प्रयास कर रहे हैं। इस पर एएसआई मानिक दास, हेड कांस्टेबल निर्मल मिंज, कांस्टेबल सुरेश साहू और नगर सैनिक बृजेश साहू मौके पर पहुंचेl उन्होंने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। इसी बीच लाठी-डंडे और रॉड से लैस ग्रामीणों ने पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया।

​​​​हेडकांस्टेबल व नगर सैनिक को किया गया रेफर
पुलिसकर्मियों पर हमले की सूचना मिलते ही बसदेई चौकी प्रभारी लक्ष्मी गुप्ता फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने घायल पुलिसकर्मियों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहां हेड कांस्टेबल निर्मल मिंज और नगर सैनिक बृजेश साहू की हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया, पर डॉक्टर नहीं मिलने पर दोनों को मिशन अस्पताल ले जाया गया। वहां से हेडकांस्टेबल को जीवन ज्योति अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
छावनी में तब्दील हुआ गांव
सूरजपुर एसपी इंदिरा कल्याण एलिसेला और अन्य पुलिस अधिकारी टीम के साथ देर रात तक बीरमताल खड़गवां पहुंच गए। एसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने गांव को छावनी में तब्दील कर दिया है। पुलिस टीम ने कुछ आरोपियों को देर रात और बुधवार सुबह तक पकड़ लिया है। कई अन्य आरोपी ग्रामीण फरार बताए गए हैं। फरार लोगों की तलाश की जा रही है।
ग्रामीणों के आक्रोश का शिकार हुई पुलिस
बताया जा रहा है कि राजेश साहू दबंग स्वभाग का है और गांव में भी उसका दबदबा चलता है। मंगलवार शाम भी कुछ लोगों से उसका विवाद हुआ था। इससे गांववाले आक्रोशित हो गए और राजेश साहू पर हमला करने की तैयारी की। इसके पहले ही राजेश साहू ने पुलिस को सूचना दे दी थी। जब ग्रामीण राजेश साहू के घर को घेराबंदी करने पहुंचे तो वहां पहले से पुलिस मौजूद थी। राजेश साहू के घर पुलिसकर्मियों को देखकर ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ गया।