
कोरबा . शहरी क्षेत्र में पालतू पशुओं की वजह से कई प्रकार की घटनाएं हो रही हैं और इसके चलते इंसानों की जान पर खतरे बने हुए हैं। लगातार बढ़ते मामलों को ध्यान में रखते हुए प्रशासन के निर्देश पर नगर निगम ने टीकाकरण अभियान शुरू कराया है। कोरबा के दशहरा मैदान राजेंद्र नगर में पालतू कुत्तों और बिल्लियों को एंटी रैबीज वैक्सीन लगाए गए। आगे और भी क्षेत्र में यह काम किया जाएगा।

नगर निगम ने वेटरिनरी विभाग के सहयोग से एंटी रेबीज वैक्सीनेशन कैंपेन पर काम करना शुरू किया है। डॉ राजेंद्र नगर के दशहरा मैदान में मोबाइल मेडिकल यूनिट की उपस्थिति के साथ लोगों के पालतू कुत्तों और बिल्लियों को निशुल्क वैक्सीनेशन की सुविधा दी गई। पर्याप्त प्रचार प्रसार के आधार पर विभिन्न क्षेत्रों से लोग अपने पशुओं को लेकर यहां पहुंचे थे। सुरक्षा मानक को ध्यान में रखते हुए यहां पर उनका टीकाकरण किया गया।

चिकित्सा अधिकारी दीपा कंवर ने बताया कि मौके पर 48 पशुओं को एंटी रेबीज टीके लगाए गए हैं ताकि वे सुरक्षित रहें। याद रहे विभिन्न क्षेत्रों में कुत्तों के द्वारा लोगों पर हमला करने के बढ़ते मामलों को देखते हुए पिछले दिनों सुप्रीम कोर्ट ने सभी राज्यों को निर्देशित किया कि ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने की व्यवस्था करें। इस निर्देश पर छत्तीसगढ़ में लोक शिक्षण विभाग ने सभी सरकारी और गैर सरकारी स्कूलों को इस दिशा में काम करने के लिए कहा। हालांकि इस निर्देश की काफी आलोचना हुई और शिक्षकों से क्या जरूरी काम लिए जाने पर अधिकारियों पर निशाना भी साधा गया। वर्तमान में विभिन्न क्षेत्रों में लोगों ने खुद आवारा विचरण करने वाले कुत्तों पर निगरानी तेज की है ताकि उनके कारण दूसरों की जान पर संकट न आने पाए।




