पैग.. टगड़ी के साथ वेलकम है तुम्हारा – 2026 . रौनक हर जगह पर अंदाज सबके अलग

0
41

कोरबा .अंग्रेजी नववर्ष 2026 के स्वागत को लेकर कोरबा में गजब का माहौल देखने को मिला। शहर के हर कोने में रौनक, उत्साह और जश्न की झलक साफ नजर आई। कहीं लाइटें चमक रहीं थीं तो कहीं झालर की रौशनी। असली भीड़ अगर कहीं दिखी, तो वह थी मांस और शराब दुकानों पर, जो यह बता रही थी कि जश्न मनाने को लेकर एक वर्ग कितना ज्यादा उत्साहित है।

अंग्रेजी नए वर्ष 2026 के आने की खुशी में कोरबा की देशी-विदेशी शराब दुकानों पर आज कुछ ज्यादा ही रौनक रही। पीने के शौकीन मानो दुकानों पर टूट पड़े। हर किसी को डर था कि कहीं स्टॉक खत्म न हो जाए और जश्न फीका न पड़ जाए। इसी डर ने दुकानों के बाहर लंबी कतारें लगवा दीं।कुछ ऐसा ही हाल मांस दुकानों का भी रहा। 2026 का स्वागत करने वाला वर्ग अपनी पसंदीदा डिश के लिए उतावला नजर आया। चिकन, मटन और मछली की दुकानों पर सुबह से ही खरीदारों की भीड़ लगी रही। दुकानदारों के चेहरे पर भी आज अलग ही मुस्कान दिखी। कोरबा में नए साल के जश्न के लिए कई जगह सांस्कृतिक कार्यक्रम, पार्टियां और आयोजन भी हुए। लेकिन इन सबसे अलग, बहुत से लोगों ने अपने गम भुलाने और खुशियां साझा करने के लिए अंगूर की बेटी और मांस को ही सबसे जरूरी साथी समझा।

कुल मिलाकर, कोरबा में नया साल पूरे जोश, मस्ती और अपने-अपने अंदाज में मनाया गया। किसी के लिए मंच और संगीत जरूरी था, तो किसी के लिए प्लेट और पैग। क्योंकि पीने वालों को पीने का बहाना जो चाहिये।