10वीं बार बिहार के CM बने नीतीश कुमार:शपथ के बाद PM से मिलाया हाथ, सम्राट चौधरी समेत 26 मंत्रियों ने ली शपथ

0
58
बिहार .बिहार की राजनीति में आज एक ऐतिहासिक अध्याय जुड़ने जा रहा है. सुबह 11:30 बजे राजधानी पटना के गांधी मैदान में नीतीश कुमार 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे. उनके साथ सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा उपमुख्यमंत्री (डिप्टी सीएम) पद की जिम्मेदारी संभालेंगे. इस दौरान पीएम नरेंद्र मोदी सहित कई बड़े दिग्गज मौजूद रहेंगे.

यह शपथ ग्रहण समारोह एनडीए की प्रचंड जीत के बाद हो रहा है, जिसने 243 सदस्यीय बिहार विधानसभा में 202 सीटें जीतकर सत्ता में वापसी की है. इन 202 सीटों में भाजपा के 89, जदयू के 85, लोजपा (रामविलास) के 19, हम (सेक्युलर) के 5 और रालोमो के 4 विधायक शामिल हैं.
समारोह को खास बनाने के लिए इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और कई केंद्रीय मंत्रियों के अलावा NDA शासित राज्यों के मुख्यमंत्री (जैसे योगी आदित्यनाथ, मोहन यादव, मोहन चरण मांझी) और अन्य राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होंगे. यह शपथ ग्रहण आने वाले दिनों में बिहार की राजनीतिक दिशा तय करेगा.

 नीतीश कुमार ने 10वीं पार ली मुख्यमंत्री पद की शपथ

नीतीश कुमार ने 10वीं बार बिहार के मुख्‍यमंत्री के तौर पर शपथ ली. राज्‍यपाल आर‍िफ मोहम्‍मद खान ने उन्‍हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई. इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह समेत एनडीए के तमाम दिग्‍गज नेता और कई राज्‍यों के मुख्‍यमंत्री भी मौजूद रहे.

बिहार में एक बार फिर से नीतीश कुमार की अगुआई में सरकार बनने जा रही है. इसके लिए ऐतिहासिक गांधी मैदान में मंच सज चुका है. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ ही जेपी नड्डा भी मंच पर पहुंच चुके हैं.

नीतीश कुमार पहले कब-कब मुख्यमंत्री बन चुके हैं?

नीतीश कुमार इससे पहले 9 बार मुख्यमंत्री बन चुके हैं…

  1. 3 मार्च 2000 को शपथ ली थी. कार्यकाल 10 मार्च तक चला था.
  2. 24 नवंबर 2005 को गांधी मैदान में शपथ ली, कार्यकाल 25 नवंबर 2010 तक रहा.
  3. 26 नवंबर 2010 को गांधी मैदान में शपथ ली और कार्यकाल 19 मई 2014 तक चला.
  4. 22 फरवरी 2015 को शपथ ली, कार्यकाल 19 नवंबर 2015 तक रहा.
  5. 20 नवंबर 2015 को शपथ ली, कार्यकाल 26 जुलाई 2017 तक रहा. शपथ समारोह गांधी मैदान में हुआ.
  6. एक दिन बाद 27 जुलाई 2017 को फिर शपथ ली. कार्यकाल 12 नवंबर 2020 तक रहा.
  7. 16 नवंबर 2020 को शपथ लेकर सीएम बने, 9 अगस्त 2022 को कार्यकाल खत्म हुआ.
  8. 10 अगस्त 2022 को शपथ ली, कार्यकाल 28 जनवरी 2024 तक चला.
  9. 28 जनवरी 2024 को शपथ लेकर सीएम बने, 19 नवंबर 2025 को इस्तीफा दिया.

कोटे से कौन हो सकते मंत्री

जेडीयू कोटे से इन नेताओं मंत्री बनाया जा सकता है. अशोक चौधरी, विजय कुमार चौधरी, श्रवण कुमार, सुनील कुमार, लेसी सिंह, मदन सहनी, मोहम्मद जमा खान. इसके अलावा जेडीयू में 1-2 नए चेहरों को भी मौका मिलने की संभावना है. बीजेपी कोटे से सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा, मंगल पांडे, नीतीश मिश्रा, रेनू देवी, जिबेश कुमार, नीरज कुमार सिंह, जनक राम, हरि सहनी और संतोष कुमार सिंह को मंत्रिमंडल में जगह मिल सकती है. बीजेपी कोटे से भी 2-3 नए नेताओं को मंत्रिमंडल में जगह मिल सकती है.

सुरक्षा को लेकर खास तैयारी, लगाए गए 128 सीसीटीवी

प्रधानमंत्री मोदी के समारोह में शामिल होने के कारण गांधी मैदान की सुरक्षा व्यवस्था की कमान एसपीजी (SPG) के हाथ में है. सुरक्षा को अभेद्य बनाने के लिए 250 से अधिक मजिस्ट्रेट, 250 पुलिस अधिकारी और 2500 से अधिक जवानों को तैनात किया गया है. आसपास की ऊंची इमारतों पर स्नाइपर तैनात हैं, जबकि पूरे क्षेत्र की निगरानी 24 घंटे ड्रोन कैमरों और 128 सीसीटीवी कैमरों (स्थिर, पीटीजेड, और एनालिटिकल) से की जा रही है। मैदान को कई सेक्टरों में बांटा गया है, जहां हर गेट पर मेटल डिटेक्टर और कई स्तरों की चेकिंग है. आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए हर गेट पर डॉक्टर, जीवन रक्षक दवाएं और एंबुलेंस की व्यवस्था की गई है.

गांधी मैदान में पहली बार शपथ ग्रहण, PM हेलीकॉप्टर से पहुंचेंगे कार्यक्रम स्थल

गांधी मैदान का यह ऐतिहासिक स्थल जेपी आंदोलन से लेकर कई बड़े जनांदोलनों का केंद्र रहा है, लेकिन आज पहली बार यहां होने वाला शपथ ग्रहण समारोह इसे एक नए ऐतिहासिक अध्याय के रूप में स्थापित करेगा. इस भव्य आयोजन को लेकर जनता में भारी उत्साह देखा जा रहा है. जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एयरपोर्ट से सीधे हेलीकॉप्टर के माध्यम से गांधी मैदान पहुंचेंगे.

सजा पटना शहर, गांधी मैदान में 3 मंच तैयार

भाजपा द्वारा इस कार्यक्रम को भव्य स्वरूप देने के लिए पूरे शहर को भगवा झंडों, होर्डिंगों, बैनरों और तिरंगा रोशनी से सजाया गया है. आयोजन स्थल गांधी मैदान में तीन मंच तैयार किए गए हैं. पहला मुख्य मंच वीवीआईपी अतिथियों जैसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खां और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के लिए है. दूसरा मंच वीआईपी गणमान्य व्यक्तियों के लिए और तीसरा मंच सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति हेतु बनाया गया है. मुख्य मंच पर प्रधानमंत्री के साथ केंद्रीय मंत्रिमंडल के वरिष्ठ सदस्य, एनडीए के शीर्ष नेता, कई राज्यों के मुख्यमंत्री, राज्यपाल और अन्य प्रतिष्ठित अतिथि उपस्थित रहेंगे.

पटना पहुंचे नड्डा और शाह

शपथ ग्रहण समारोह में सम्मिलित होने के लिए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह बुधवार की देर रात विशेष विमान से पटना पहुंचे. पटना पहुंचने के तुरंत बाद, अमित शाह ने होटल मौर्य में एनडीए के शीर्ष नेताओं के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इस समारोह में मौजूदगी को केंद्र और राज्य के बीच मजबूत समन्वय तथा भविष्य की राजनीतिक दिशा के संदर्भ में एक शक्तिशाली संदेश देने वाला माना जा रहा है, जिससे गांधी मैदान में होने वाला यह आयोजन राजनीतिक रूप से भी बेहद अहम हो गया है.