भरत सिंह चौहान की रिपोर्ट
– जांजगीर-चांपा जिले के शिवरीनारायण थाना क्षेत्र में नवविवाहिता की मौत के मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए पति समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार 11 फरवरी 2026 की रात नवविवाहिता ने अपने घर में साड़ी से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। घटना की सूचना पर शिवरीनारायण पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की।
जांच के दौरान मृतिका के परिजनों ने बताया कि 16 अप्रैल 2025 को सामाजिक रीति-रिवाज से उसकी शादी धर्मेन्द्र निर्मलकर के साथ हुई थी। शादी के करीब दो महीने बाद से ही पति, सास शिव कुमारी निर्मलकर, देवर मनोज निर्मलकर और मौसी सास तेरस बाई निर्मलकर दहेज में मोटरसाइकिल की मांग को लेकर उसे लगातार प्रताड़ित करते थे।
दहेज नहीं लाने की बात कहकर उसे गाली-गलौज और मारपीट का सामना करना पड़ता था, जिससे तंग आकर नवविवाहिता ने आत्मघाती कदम उठा लिया।
मामले में पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 80(2) और 3(5) के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।




