आईपीएल के लिए रायपुर स्टेडियम में नई पिच : प्रीमियम व्यू के लिए बदले जा रहे कांच, 12 अप्रैल के बाद मिलेंगे टिकट
शहीद वीरनारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम
राजधानी के शहीद वीरनारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आईपीएल मैचों को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं।
रायपुर। राजधानी के शहीद वीरनारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आईपीएल मैचों को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। यहां 10 मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का महामुकाबला मुंबई इंडियंस से होगा, जबकि 13 मई को आरसीबी की टक्कर कोलकाता नाइट राइडर्स से होगी। इन दोनों बड़े मुकाबलों के रोमांच को देखते हुए स्टेडियम में पिच से लेकर दर्शकों तक की बैठने की व्यवस्था को दुरुस्त किया जा रहा है। हरिभूमि टीम ने स्टेडियम पहुंचकर इन तैयारियों का जायजा लिया।
आईपीएल के इन हाईवोल्टेज मैचों के लिए स्टेडियम में नई पिच तैयार की जा रही है। इसके लिए पुरानी पिच की ऊपरी सतह को 5 से 10 इंच तक खोदा जा रहा है। इसी नई पिच पर विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे दिग्गज भारतीय क्रिकेटरों के साथ-साथ कई विदेशी स्टार खिलाड़ी अपना जलवा बिखेरेंगे। मैदान में पहले से 6 पिचें मौजूद हैं, जिन पर अंतरराष्ट्रीय मैच खेले जा चुके हैं। इसमें ही खिलाड़ी अभ्यास भी करते हैं अब बन रही इस नई और फ्रेश पिच का फायदा आरसीबी के साथ-साथ मुंबई और कोलकाता की टीमों को भी मिलेगा।
12 अप्रैल के बाद शुरू होगी टिकट की ऑनलाइन बिक्री
रायपुर में होने वाले इन दोनों महामुकाबलों के टिकट 12 अप्रैल के बाद आरसीबी की आधिकारिक वेबसाइट पर मिलने शुरू हो सकते हैं। इन मैचों की टिकट बिक्री का जिम्मा पूरी तरह से आरसीबी प्रबंधन के पास ही रहेगा। मिली जानकारी के अनुसार एक मैच के लिए लगभग 50 हजार से अधिक टिकट बिक्री के लिए उपलब्ध होंगे। आरसीबी ने अपने अन्य होम ग्राउंड्स पर टिकटों की कीमत 1 हजार से लेकर 30 हजार रुपये तक तय की है। उम्मीद जताई जा रही है कि रायपुर के मैचों के लिए भी टिकटों की दरें इसी के आसपास निर्धारित की जा सकती हैं। हालांकि, टिकटों की सटीक कीमत अभी तय नहीं हुई है, 12 अप्रैल के बाद इस पर स्थिति पूरी तरह से स्पष्ट हो जाएगी।
प्रीमियम सीटों के लिए बदले जा रहे कांच
स्टेडियम की प्रीमियम सीटों से मैच देखने के अनुभव को और अधिक शानदार बनाने के लिए पुराने कांच बदलने का काम शुरू हो गया है। पवेलियन के हिस्से में मरम्मत और बदलाव के लिए बांस-बल्लियां लगा दी गई हैं। नए और पारदर्शी कांच लगने के बाद पवेलियन सहित प्रीमियम बॉक्स से मैच देखने का रोमांच दोगुना हो जाएगा। साथ ही स्टेडियम में दर्शकों के लिए सीटों की संख्या बढ़ाने का काम भी तेज कर दिया गया है। बता दें कि अप्रैल में आरसीबी प्रबंधन की टीम एक बार फिर रायपुर का दौरा करेगी, जिसके बाद स्टेडियम की व्यवस्थाओं में कुछ और नए बदलाव देखने को मिल सकते हैं।
छत्तीसगढ़ की लाल मिट्टी से तैयार होगी पिच
खास बात यह है कि यह नई पिच पूरी तरह से छत्तीसगढ़ की स्थानीय मिट्टी से ही बनाई जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार, पुरानी पिच की ही तरह इसे भी लाल मिट्टी से तैयार किया जा रहा है। लाल मिट्टी की पिच अमूमन उछाल भरी होती है, जिससे बल्लेबाजों और तेज गेंदबाजों दोनों को अच्छा सपोर्ट मिलने की उम्मीद है। बता दें कि रायपुर अब आरसीबी का दूसरा होम ग्राउंड बन चुका है। आरसीबी की टीम यहां मैचों से पहले अपना अभ्यास भी करेगी। इसी वजह से मैदान और पिच को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप उच्च स्तर का तैयार किया जा रहा है




