रायपुर में गूंजेगी भक्ति की नई बीट, 28 फरवरी को इंडोर स्टेडियम में “भजन क्लबिंग”

0
9

रायपुर में गूंजेगी भक्ति की नई बीट, 28 फरवरी को इंडोर स्टेडियम में “भजन क्लबिंग”

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किया पोस्टर विमोचन

रायपुर। भक्ति अब युवाओं की नई पहचान बनकर आधुनिक ऊर्जा के साथ सामने आ रही है। माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने लोकप्रिय कार्यक्रम मन की बात में “भजन क्लबिंग” जैसे नवाचारों की सराहना करते हुए कहा था कि जब युवा भक्ति को आधुनिक अभिव्यक्ति के साथ अपनाते हैं, तो वह संस्कृति और आधुनिकता का अद्भुत संगम बन जाती है। इसी प्रेरणा से राजधानी रायपुर में युवाओं के लिए एक अनूठा आध्यात्मिक-संगीत अनुभव “भजन क्लबिंग” आयोजित किया जा रहा है।

इस भव्य आयोजन के पोस्टर का विमोचन आज छत्तीसगढ़ के माननीय मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा किया गया। इस अवसर पर आशुतोष दुबे, अतुल श्रीवास्तव सहित आयोजन समिति के सदस्य उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री साय ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को भारतीय संस्कृति, भक्ति और आध्यात्मिक मूल्यों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

28 फरवरी को रायपुर इंडोर स्टेडियम में होगा आयोजन

सामाजिक चेतना मंच के तत्वावधान में यह आयोजन 28 फरवरी 2026 को रायपुर इंडोर स्टेडियम में शाम 6 बजे से आयोजित होगा। इस आयोजन को छत्तीसगढ़ शासन के संस्कृति विभाग, जनसंपर्क विभाग तथा ISKCON का विशेष सहयोग प्राप्त है।

इस कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण होगा विश्वविख्यात Madhavas Rock Band, जो अपनी ऊर्जावान रॉक और फ्यूज़न शैली में भक्ति संगीत प्रस्तुत कर युवाओं को आध्यात्मिक चेतना से जोड़ेंगे। इसके साथ ही इस्कॉन की प्रतिष्ठित कीर्तन मंडलियाँ संकीर्तन और भक्ति प्रस्तुतियों से पूरे वातावरण को कृष्ण भक्ति से सराबोर करेंगी।

यह एक ऐसी “क्लबिंग” होगी, जहां किसी भौतिक नशे का नहीं, बल्कि भक्ति, संगीत और सकारात्मक ऊर्जा का उत्सव होगा। कार्यक्रम के दौरान फूलों की होली भी खेली जाएगी, जो इस आयोजन का विशेष आकर्षण होगी।

कार्यक्रम के आयोजक श्री उज्ज्वल दीपक ने कहा भजन क्लबिंग युवाओं को भक्ति से जोड़ने का एक अभिनव प्रयास है। हमारा उद्देश्य है कि युवा भक्ति को आधुनिक अंदाज़ में अनुभव करें और अपनी सांस्कृतिक जड़ों से गर्व के साथ जुड़ें। मुख्यमंत्री, राज्य शासन, ISKCON और समाज के सहयोग से यह आयोजन युवाओं के लिए एक ऐतिहासिक आध्यात्मिक अनुभव बनेगा।

सामाजिक चेतना मंच ने प्रदेश के युवाओं, परिवारों और भक्ति-संगीत प्रेमियों से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस दिव्य आयोजन का हिस्सा बनें