बीजापुर में नक्सली मुठभेड़, दो माओवादी ढेर, इन्द्रावती नदी क्षेत्र में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता, हथियार व विस्फोटक बरामद

0
10

 

बीजापुर। जिले के इन्द्रावती नदी क्षेत्र में माओवादियों की मौजूदगी की पुख्ता सूचना पर सुरक्षाबलों द्वारा चलाए गए माओवादी विरोधी अभियान के दौरान आज सुबह नक्सलियों के साथ मुठभेड़ हुई। यह मुठभेड़ थाना जांगला क्षेत्र अंतर्गत हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, माओवादियों की गतिविधियों की आसूचना मिलने पर सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम सर्च एवं एंटी-नक्सल ऑपरेशन पर रवाना हुई थी। अभियान के दौरान इन्द्रावती नदी के आसपास के इलाके में सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच अचानक मुठभेड़ हो गई। दोनों ओर से कुछ समय तक फायरिंग हुई।

मुठभेड़ के बाद क्षेत्र में सघन सर्च अभियान चलाया गया। डॉ. जितेन्द्र यादव, पुलिस अधीक्षक बीजापुर ने जानकारी देते हुए बताया कि सर्च के दौरान दो वर्दीधारी माओवादी के शव बरामद किए गए हैं। इसके साथ ही मुठभेड़ स्थल से SLR राइफल, INSAS राइफल, 12 बोर राइफल, विस्फोटक सामग्री और अन्य नक्सली उपयोग की वस्तुएं भी जब्त की गई हैं।

पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज बस्तर रेंज ने बताया कि इलाके में अभी भी सर्च अभियान जारी है। उन्होंने कहा कि आसपास के क्षेत्रों की गहन तलाशी ली जा रही है ताकि किसी अन्य माओवादी की मौजूदगी की संभावना को पूरी तरह समाप्त किया जा सके। मुठभेड़ और बरामदगी से संबंधित विस्तृत रिपोर्ट अलग से जारी की जाएगी।

इस कार्रवाई को सुरक्षाबलों की एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। बीजापुर जिले में लगातार चल रहे नक्सल विरोधी अभियानों के चलते माओवादी संगठन पर दबाव बढ़ता जा रहा है और सुरक्षा बलों की सक्रियता से क्षेत्र में शांति बहाली की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।