​​​​​​​160 फीट ऊंचे शिवलिंग का आज महाभिषेक:सवा लाख लीटर पानी और 6 हजार लीटर दूध से होगा अभिषेक;​​​​​​​ मुंबई से मंगाई गई क्रेन

Acn18.com/राजनांदगांव जिले में मां पाताल भैरवी मंदिर स्थित 160 फीट ऊंचे शिवलिंग का महाभिषेक गुरुवार 17 अगस्त को किया जाएगा। इसके लिए मुंबई से क्रेन मंगाई गई है। भोलेनाथ के अभिषेक के लिए सवा लाख लीटर पानी और 6 हजार लीटर दूध भी जनसहयोग से लिया जा रहा है।

20 फीट ऊंचा और 45 रनिंग फीट की चौड़ाई वाला जल पात्र भी तैयार किया गया है। बर्फानी सेवाश्रम समिति के भव्य मां पाताल भैरवी मंदिर में यह आयोजन किया जा रहा है। बर्फानी आश्रम के 11 पंडित मंत्रोच्चार कर भव्य शिवलिंग का अभिषेक करेंगे। यहां ड्रोन से पुष्प वर्षा भी की जाएगी।

मां पाताल भैरवी मंदिर की महिमा

छत्तीसगढ़ की संस्कारधानी के नाम से मशहूर राजनांदगांव में स्थित है मां पाताल भैरवी का मंदिर। इस मंदिर में लोगों की बहुत आस्था है। शिवलिंग के आकार में मंदिर का प्रांगण बनाया गया है। इसमें 3 खंड बने हैं। सबसे ऊपर के खंड में भगवान शिव के 12 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन होते हैं। बीच के खंड में मां राजराजेश्वरी भव्य 9 रूपों में विराजित हैं। आखिरी खंड में पाताल भैरवी मां काली के दर्शन होते हैं। मां पाताल भैरवी मंदिर जमीन से 15 फीट नीचे बनाया गया है। मां के प्रतिमा की ऊंचाई 13 फीट है।

मंदिर के सिर पर एक बड़ा शिवलिंग दिखाई देता है, जिसके सामने नंदी की प्रतिमा लगाई गई है। मंदिर में स्फटिक शिवलिंग की स्थापना की गई है। मंदिर में 14 फीट ऊंची शिवजी की प्रतिमा भी स्थापित है। यहां नवरात्र के दिनों में न सिर्फ छत्तीसगढ़ बल्कि दूसरे राज्यों से भी श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं।