KORBA: रेलवे सुरक्षा बल चला रहा जन जागरूकता अभियान, सुरक्षा आयुक्त चेतन ने कोरबा में स्थिति का जायजा लिया

Acn18.com/विभिन्न प्रकार की दुर्घटनाओं और अपराधों की रोकथाम के लिए रेल सुरक्षा बल के द्वारा इन दिनों जन जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। सुरक्षा आयुक्त चेतन जिचकर का इस कड़ी में कोरबा आना हुआ। जागरूकता अभियान को लेकर उन्होंने संजय नगर सहित आसपास के क्षेत्रों में स्थिति का जायजा लिया और मीडिया से चर्चा कर आवश्यक जानकारी दी।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के द्वारा वार्षिक कार्यक्रम के अंतर्गत जन जागरूकता कार्यक्रम का संचालन किया जा रहा है। इसके तहत रेलवे क्रासिंग के आसपास प्रचार प्रसार करते हुए लोगों को जरूरी समझाइस दी गई।

रेलवे स्टेशन परिसर के अतिथि गृह में मीडिया से चर्चा करते हुए चेतन जिचकर ने बताया कि लोगों की लापरवाही के कारण रेलवे क्रॉसिंग और ट्रैक के आसपास दुर्घटनाएं हो रही है जिनमें असमय मौत हो रही है। देखा गया है कि लोग सब कुछ जानते हुए भी रेल फाटक बंद होने की स्थिति में भी वहां से पार होने का प्रयास करते हैं। ऐसा करना दंडनीय अपराध है।

रेलवे अधिकारी ने बताया कि वंदे भारत सहित अन्य ट्रेनों में पथराव के मामले कुछ समय से सामने आ रहे हैं। ऐसी घटनाओं में गंभीर जनहानि होना स्वाभाविक है। ऐसे मामलों में लिप्त पाए जाने वाले तत्व के विरुद्ध गंभीर सजा का प्रावधान है।

सुरक्षा आयुक्त के कोरबा प्रवास के दौरान स्थानीय स्तर पर कई जरूरी प्रबंध किए गए। अधिकारी ने सुरक्षा से संबंधित विषयों का जायजा लेने के साथ कोरबा के अधिकारियों से जरूरी जानकारी हासिल की।