अंतरराज्यीय लूट गिरोह का पर्दाफाश
छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले की पुलिस ने अंतरराज्यीय लूट और उठाईगिरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में बिहार के कटिहार निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि गिरोह के मुख्य साजिशकर्ता समेत दो आरोपी अब भी फरार बताए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों—रायगढ़, कोरबा, अंबिकापुर, सारंगढ़ और जांजगीर—में सात वारदातों को अंजाम देते हुए करीब 9 लाख 83 हजार रुपये की लूट की थी। हाल ही में शिवरीनारायण थाना क्षेत्र में 2 लाख 50 हजार रुपये की दिनदहाड़े हुई लूट के मामले में जांच के दौरान साइबर टीम को बड़ी सफलता मिली। करीब 150 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद पुलिस आरोपियों तक पहुंची। जांच में सामने आया कि आरोपी बैंक से पैसा निकालने वाले बुजुर्गों और महिलाओं की रेकी करते थे, उनका पीछा करते और मौका मिलते ही लूट की घटना को अंजाम देते थे। लोगों को गुमराह करने के लिए केंवाच पाउडर का भी इस्तेमाल किया जाता था। इस मामले में पुलिस ने दो मोटरसाइकिल, फर्जी आधार कार्ड, मोबाइल फोन, नकदी और अन्य सामान जब्त किया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पूरे ऑपरेशन का नेतृत्व पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में किया गया, जिसमें साइबर थाना और शिवरीनारायण पुलिस की टीम की अहम भूमिका रही।
जांजगीर पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि बैंक से बड़ी रकम निकालते समय सतर्क रहें, अजनबियों से दूरी बनाए रखें और सुरक्षित माध्यम जैसे ऑनलाइन ट्रांजैक्शन का उपयोग करें।




