
रिपोर्टर- कान्हा तिवारी
रतनपुर स्थित मां महामाया मंदिर में नवरात्रि के दौरान उमड़ रही भारी भीड़ के बीच पॉकेटमारी की घटनाएं सामने आई थीं। श्रद्धालुओं के बैग और जेब से नगदी व कीमती सामान चोरी होने की शिकायतें लगातार मिल रही थीं।
मामले को गंभीरता से लेते हुए रतनपुर पुलिस ने मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। फुटेज में एक महिला संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त दिखाई दी, जो भीड़ का फायदा उठाकर लोगों के सामान पर हाथ साफ कर रही थी।
फुटेज के आधार पर पुलिस ने जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा क्षेत्र की रहने वाली गोरी बाई को हिरासत में लेकर पूछताछ की और बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया।
इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व थाना प्रभारी एवं प्रशिक्षु आईपीएस अंशिका जैन ने किया। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि वह किसी गिरोह का हिस्सा है या अकेले ही वारदात को अंजाम दे रही थी। पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अपने कीमती सामान का विशेष ध्यान रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।




