भारत ने शनिवार को पाकिस्तान से डायरेक्ट और इनडायरेक्ट आयात पर बैन लगा दिया है। सरकार ने इस फैसले का नोटिफिकेशन भी जारी किया है। इसके साथ ही भारतीय बंदरगाहों पर पाकिस्तानी जहाजों के आने पर भी रोक लगा दी है। बंदरगाह और शिपिंग मिनिस्ट्री ने कहा कि भारतीय जहाज भी पाकिस्तानी बंदरगाहों पर नहीं जाएंगे।
सरकार के इन फैसलों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को कहा कि आतंकवाद मानवता के लिए सबसे बड़ा खतरा है। पीएम मोदी ने शनिवार को हैदराबाद हाउस में अंगोला के राष्ट्रपति लॉरेंको से मुलाकात के दौरान यह बात कही।
देश में मध्य प्रदेश के जबलपुर और महाराष्ट्र के चंद्रपुर की ऑर्डनेंस फैक्ट्री में कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। मैनेजमेंट ने कर्मचारियों से कहा कि यह मुश्किल वक्त है, राष्ट्रीय सुरक्षा को देखते हुए काम नहीं रुकना चाहिए।
उधर पाकिस्तान ने शनिवार को बैलिस्टिक मिसाइल अब्दाली का सक्सेसफुल टेस्ट किया है। इस मिसाइल की रेंज 450 किमी. है। पाकिस्तान ने यह नहीं बताया कि किस जगह पर इस मिसाइल का टेस्ट किया गया है।