आज दुर्ग दौरे पर रहेंगे गृहमंत्री अमित शाह:पद्मश्री उषा बारले के घर जाएंगे, फिर जनसभा को करेंगे संबोधित; पूरा शहर छावनी में तब्दील

Acn18.com/प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 9 साल पूरे होने पर जनसभा को संबोधित करने गृहमंत्री अमित शाह पहली बार दुर्ग जिला आ रहे हैं। वो यहां 1 घंटा 40 मिनट रुकेंगे। इस बीच भिलाई के सेक्टर 1 स्थित पद्मश्री उषा बारले के घर जाएंगे। जारी शेड्यूल के मुताबिक अमित शाह दोपहर 1.35 बजे हेलीकॉप्टर से जयंती स्टेडियम पहुंचेंगे और दोपहर 3.15 बजे बालाघाट मध्यप्रदेश के लिए रवाना हो जाएंगे।

पद्मश्री उषा बारले के घर की ओर जाने वाले सभी रास्तों में पुलिस के जवानों को तैनात किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए दुर्ग पुलिस ने 500 से अधिक जवानों को ड्यूटी पर लगाया है। इसके साथ ही राज्य के कई जिलों से टीआई और अन्य बड़े अधिकारियों को बुलाया गया है।

अब जानिए पूरे दौरे का शेड्यूल
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह दोपहर 12.45 बजे राजधानी रायपुर पहुंचेंगे। दोपहर 1.15 बजे राजधानी से भिलाई के लिए हेलीकॉप्टर से निकलेंगे। 1.35 बजे भिलाई के जयंती स्टेडियम पहुंचेंगे। यहां से सड़क मार्ग से होते हुए दोपहर 1.40 बजे सेक्टर 1 सड़क नंबर 7 स्थित पद्मश्री उषा बारले के घर जाएंगे। दो बजे तक यहां रुकने के बाद दोपहर 2.10 बजे रविशंकर स्टेडियम दुर्ग पहुंचेंगे और 3 बजे तक जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद 3.15 बजे हेलीकॉप्टर से बालाघाट मध्यप्रदेश के लिए रवाना हो जाएंगे।

यातायात पुलिस ने तैयार किया रूट और पार्किंग प्लान
गृहमंत्री अमित शाह के कार्यक्रम में 50 हजार से अधिक लोगों के आने की संभावना है। दुर्ग यातायात पुलिस ने पार्किग प्लान तैयार किया है। साथ ही अलग-अलग रूट्स से आने वाले वाहनों के लिए रूट चार्ट भी निर्धारित किया है। जारी रूट चार्ट के मुताबिक राजनांदगांव और बालोद से आने वाले वाहन पुलगांव चौक-पोटिया चौक-महाराजा चौक-सोनी फर्नीचर के सामने-मिनी स्टेडियम पद्मनाभपुर में पार्किंग करके कार्यक्रम स्थल की ओर रवाना होंगे।

पाटन और उतई से आने वाले वाहन एमडी चौक, जेल तिराहा, पुलिस लाइन और कन्या कॉलेज में पार्क होंगे। नेहरू नगर की ओर से आने वाले वाहन वाय शेप ब्रिज से सांइस कॉलेज, मालवीय नगर चौक, बालक छात्रावास, खालसा पब्लिक स्कूल में पार्क होंगे। इसी तरह धमधा की ओर से आने वाले वाहन ग्रीन चौक, रेलवे स्टेशन, मालवीय नगर, पॉलिटेक्निक कॉलेज में पार्क होंगे। पटेल चौक की ओर से आने वाले वाहन उतई तिराहा, जेआरडी स्कूल में पार्क होंगे।

आज शहर में भारी वाहनों की नो एंट्री
शहर में बढ़ते ट्रैफिक दबाव को देखते हुए 22 जून को दुर्ग पुलिस ने शहर में भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह से प्रतिबंधित कर दिया है। इस दौरान कोई भारी वाहन शहर के अंदर नहीं जा सकेगा। सभी गाड़ियों को शहर के बाहर ही रोक दिया जाएगा। कार्यक्रम के बाद भारी वाहनों को एंट्री दी जाएगी।

अमित शाह को काला झंडा दिखाएगा NSUI
अमित शह के दुर्ग कार्यक्रम का NSUI विरोध करेगी। NSUI के पदाधिकारी आकाश कन्नौजिया के मुताबिक अमित शाह गो बैक का बैनर लेकर केंद्रीय गृह मंत्री को काला झंडा दिखाएंगे। उनका कहना है कि वर्तमान में मणिपुर के हालात काफी खराब हैं। क्लोहापुर में भी हिंसा भड़क रही है। इन हालातों को संभालने की जगह अमित शाह चुनाव प्रचार में लगे हुए हैं। इसलिए NSUI उन्हें उनके नैतिक कर्तव्य की याद दिलाने के लिए काला झंडा दिखाएगी।