aqcn18.com/ हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं इनेलो सुप्रीमो ओम प्रकाश चौटाला का निधन हो गया है। वे 89 साल के थे। शुक्रवार को वे गुरुग्राम में अपने घर पर थे। उन्हें दिल का दौरा पड़ा। जिसके बाद साढ़े 11 बजे उन्हें गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में लाया गया। करीब आधे घंटे बाद दोपहर 12 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। वे हृदय रोग, मधुमेह समेत कई तरह की बीमारियों से ग्रस्त थे। उनका पहले से ही गुरुग्राम के मेदांता और आरएमएल अस्पताल में इलाज चल रहा है।
ओपी चौटाला पूर्व उपप्रधानमंत्री चौधरी देवीलाल की 5 संतानों में सबसे बड़े थे। उनका जन्म 1 जनवरी, 1935 को हुआ। वे 5 बार हरियाणा के मुख्यमंत्री रहे। शुरुआती शिक्षा के बाद ही चौटाला ने पढ़ाई छोड़ दी थी। 2013 में शिक्षक भर्ती घोटाले के दौरान जब चौटाला तिहाड़ जेल में बंद थे, तब उन्होंने 82 साल की उम्र में 10वीं-12वीं की परीक्षा पास की।
आज शुक्रवार (20 दिसंबर) शाम तक उनका पार्थिव शरीर सिरसा स्थित उनके पैतृक गांव चौटाला लाया जाएगा। कल सुबह 8 से 2 बजे तक उनकी पार्थिव देह अंतिम दर्शन के लिए रखी जाएगी। कल दोपहर 3 बजे तेजा खेड़ा फार्म सिरसा के श्मशान घाट में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
बड़े नेताओं ने चौटाला के निधन पर शोक जताया
– कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा- हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री व वरिष्ठ नेता चौ. ओम प्रकाश चौटाला जी के निधन का समाचार दुःखद है। उन्होंने हरियाणा और देश की सेवा में उचित योगदान दिया।
– CM नायब सैनी ने कहा- इनेलो सुप्रीमो एवं हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी ओमप्रकाश चौटाला जी का निधन अत्यंत दुःखद है। उन्होंने प्रदेश और समाज की जीवनपर्यंत सेवा की। देश व हरियाणा प्रदेश की राजनीति के लिए यह अपूरणीय क्षति है।
– कांग्रेस विधायक रेसलर विनेश फोगाट ने कहा- ओपी चौटाला ने अपने जीवन को जनता की सेवा और हरियाणा के विकास के लिए समर्पित किया।
– हरियाणा के परिवहन मंत्री अनिल विज ने कहा- बेहद दुखदाई खबर है। वो बहुत अच्छे एडमिनिस्ट्रेटर थे। उनकी यादाश्त बहुत थी, जिनसे एक बार मिल लेते थे भूलते नहीं थे।
– सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा- पूर्व सीएम ओम प्रकाश चौटाला का निधन पूरे राज्य और देश के लिए एक बड़ी क्षति है। उन्होंने अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में बड़ा योगदान दिया।’
– BJP के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े ने कहा- हरियाणा राज्य के विकास में उनके योगदान के लिए उन्हें सदा याद किया जाएगा।
– पंजाब के पूर्व डिप्टी CM सुखबीर बादल ने ओपी चौटाला के निधन पर शोक जताया। उन्होंने चौटाला के साथ अपनी फोटो शेयर करते हुए कहा- उन्होंने अपने पूरे जीवन में उन्होंने किसानों और गरीबों के हितों की वकालत की। उनका निधन मेरे और मेरे परिवार के लिए भी एक बहुत बड़ी व्यक्तिगत क्षति है।