Home Uncategorized बर्ड फ्लू संक्रमण से दुनिया में पहली मौत, भारत के चार राज्यों...

बर्ड फ्लू संक्रमण से दुनिया में पहली मौत, भारत के चार राज्यों में भी अलर्ट जारी

0
50

acn18.com नई दिल्ली/ कोरोना से भी खतरनाक माना जा रहा एच5एन1 वायरस (एवियन इन्फ्लूएंजा) कई देशों में तेजी से बढ़ता हुआ देखा जा रहा है। हालिया रिपोर्ट्स में अमेरिका के कई शहरों में इसके गायों और दूध के माध्यम से भी इंसानों में फैलने के मामले सामने आए थे। इसी महीने की शुरुआत में भारत में भी एच5एन1 वायरस के मामले बढ़ने को लेकर अलर्ट किया गया था। एच5एन1 वायरस को बर्ड फ्लू के नाम से भी जाना जाता है।

केंद्र सरकार ने इसी महीने की शुरुआत में एवियन इन्फ्लूएंजा को लेकर एडवाइजरी जारी करते हुए चार राज्यों आंध्र प्रदेश (नेल्लोर जिला), महाराष्ट्र (नागपुर जिला), झारखंड (रांची जिला) और केरल (अलपुझा, कोट्टायम और पथानामथिट्टा जिले) को विशेष सावधानी बरतते रहने की सलाह दी थी। अब विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने बर्ड फ्लू के कारण दुनिया में पहली मौत की सूचना दी है।

डब्ल्यूएचओ ने बुधवार (5 जून) को बताया कि मैक्सिको में 59 वर्षीय व्यक्ति की बर्ड फ्लू के एच5एन2 स्ट्रेन के कारण मौत हुई है। हालांकि, संयुक्त राष्ट्र एजेंसी ने यह नहीं बताया कि वह व्यक्ति कैसे संक्रमित हुआ था? रोगी को बुखार, सांस लेने में तकलीफ और दस्त जैसे लक्षणों के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उसे पहले से क्रोनिक किडनी फेलियर, मधुमेह और हाई ब्लड प्रेशर जैसी बीमारियां भी थीं।