Home Uncategorized स्टील प्लांट में धमाका : 6 मजदूरों की मौत .पांच श्रमिक गंभीर...

स्टील प्लांट में धमाका : 6 मजदूरों की मौत .पांच श्रमिक गंभीर रूप से घायल.

0
39

बलौदाबाजार. छत्तीसगढ़ में बलौदाबाजार जिले के बकुलाही इलाके में स्थित स्पंज आयरन प्लांट में हुए ब्लास्ट से अब तक 6 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 5 मजदूर गंभीर रूप से घायल हैं। मलबे में कुछ और लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। शुरुआती जांच में ये सामने आया है कि प्लांट में धमाका किसी तकनीकी खराबी या दबाव के कारण हुआ है। फिलहाल टीम जांच कर रही है।

विस्फोट प्लांट की कोल भट्टी (कोल किल्न) में गुरुवार सुबह करीब 9.40 बजे हुआ। डस्ट सेटलिंग चैंबर (DSC) में ब्लास्ट के दौरान गर्म कोयला और मलबा नीचे काम कर रहे मजदूरों पर गिरा, जिससे कई लोग झुलस गए। धमाके के बाद दूर तक धुएं का गुबार दिखा।

घायलों को तत्काल भाटापारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CSC) और स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू कार्य में जुटी हुई हैं।

घायलों के नाम

1. मोताज अंसारी (26) कारपेंटर

2. सराफत अंसारी (32) कारपेंटर

3. साबिर अंसारी (37) कारपेंटर

4. कल्पू भुइया (51) हेल्पर

5. रामू भुइया 34 हेल्पर

प्लांट सील, प्रबंधन से पूछताछ

मौके पर कलेक्टर दीपक सोनी और पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के साथ जिला प्रशासन की टीम मौजूद है। रियल स्टील प्लांट को सील कर दिया गया है। प्लांट प्रबंधन से पूछताछ की जा रही है। वहीं 5 घायलों को बिलासपुर बर्न ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है।

स्पंज आयरन प्लांट के बारे में जानिए

स्पंज आयरन प्लांट में लौह अयस्क (Iron Ore) से स्पंज आयरन तैयार किया जाता है। यह प्रक्रिया डायरेक्ट रिडक्शन तकनीक से होती है, जिसमें कोयला या गैस की मदद से अयस्क से ऑक्सीजन हटाई जाती है। इससे बना स्पंज आयरन आगे चलकर स्टील बनाने का कच्चा माल होता है, जिसे स्टील प्लांट में भेजा जाता है।