Home Astrology बीजापुर–सुकमा में मुठभेड़, 14 नक्सलियों के शव बरामद

बीजापुर–सुकमा में मुठभेड़, 14 नक्सलियों के शव बरामद

0
33

बीजापुर–सुकमा में मुठभेड़, 14 नक्सलियों के शव बरामद

बीजापुर/सुकमा | बस्तर रेंज के बीजापुर एवं सुकमा जिलों में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता हाथ लगी है। शुक्रवार को हुई अलग-अलग मुठभेड़ों में सुरक्षाबलों ने कुल 14 नक्सलियों को मार गिराया, जिनके शव बरामद कर लिए गए हैं।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक़, बीजापुर जिले से 02 और सुकमा जिले से 12 माओवादियों के शव बरामद किए गए हैं। मुठभेड़ स्थलों से AK-47, INSAS और SLR राइफल्स सहित भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद भी जब्त किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीजापुर एवं सुकमा जिलों के दक्षिणी इलाकों में सशस्त्र माओवादियों की मौजूदगी की पुख्ता सूचना मिलने के बाद सुरक्षाबलों द्वारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया था। अभियान के तहत दक्षिण बस्तर क्षेत्र में डीआरजी (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड) की टीमें रवाना की गईं।

बीजापुर जिले में शुक्रवार तड़के लगभग सुबह 5 बजे से डीआरजी और नक्सलियों के बीच रुक-रुक कर मुठभेड़ शुरू हुई, जो कुछ समय तक चली। वहीं सुकमा जिले में सुबह करीब 8 बजे से सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच फायरिंग की स्थिति बनी रही।

अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल अभियान जारी है, ऐसे में मुठभेड़ के सटीक स्थान, ऑपरेशन में शामिल जवानों की संख्या और अन्य संवेदनशील जानकारियाँ सुरक्षा कारणों से साझा नहीं की जा रही हैं। अभियान समाप्त होने के बाद विस्तृत जानकारी अलग से जारी की जाएगी।

सुरक्षाबलों की इस कार्रवाई को बस्तर क्षेत्र में नक्सल नेटवर्क के खिलाफ एक बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।