होली पर ड्राई डे रहेगा लागू, सीएम विष्णुदेव साय ने स्पष्ट किया फैसला, राज्यभर में बंद रहेंगी शराब दुकानें…
- होली पर ड्राई डे रहेगा लागू,
- सीएम विष्णुदेव साय ने स्पष्ट किया फैसला
- राज्यभर में बंद रहेंगी शराब दुकानें…
छत्तीसगढ़ में आगामी होली पर्व को लेकर शराब दुकानों के संचालन पर चल रही असमंजस की स्थिति अब पूरी तरह साफ हो गई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्पष्ट कर दिया है कि होली के दिन ड्राई डे यथावत रहेगा और पूरे राज्य में शराब दुकानें बंद रहेंगी।
मुख्यमंत्री ने मीडिया से बातचीत में साफ शब्दों में कहा कि ड्राई डे निरस्त नहीं किया गया है और होली वाले दिन शराब की बिक्री नहीं होगी। वे गिरौदपुरी में बाबा गुरु घासीदास की गुरुगद्दी दर्शन के लिए पहुंचे थे, जहां पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने यह घोषणा की।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले होली पर शराब दुकानें खुली रखने संबंधी आदेश की खबर सामने आई थी, जिसके बाद राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया था। विपक्षी दल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने होली जैसे पारंपरिक और सांस्कृतिक पर्व पर शराब दुकानें खोलने का विरोध किया था। इस मुद्दे को लेकर आम जनता और शराब उपभोक्ताओं के बीच भी भ्रम की स्थिति बनी हुई थी।
अब मुख्यमंत्री के स्पष्ट बयान के बाद स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो गई है। प्रशासन ने भी होली के दिन ड्राई डे लागू करने की तैयारी शुरू कर दी है, ताकि त्योहार शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया जा सके




