ठगी से खुला 50 करोड़ का साइबर साम्राज्य —
खैरागढ़ पुलिस की ऐतिहासिक कार्रवाई,
आईजी अभिषेक शांडिल्य ने टीम की सराहना की
छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए मुंबई के डोम्बिवली और कल्याण क्षेत्र में सक्रिय 50 करोड़ रुपये के अंतरराज्यीय साइबर फ्रॉड गिरोह का भंडाफोड़ किया है। यह कार्रवाई इंस्टाग्राम पर चिकनकारी साड़ी शॉपिंग साइट के जरिए खैरागढ़ की छात्रा वसुधा सिन्हा से ठगी के मामले की जांच से शुरू हुई थी।
पुलिस ने गिरोह के मास्टरमाइंड सहित आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 5 लैपटॉप, 14 एंड्रॉइड फोन, 51 बैंक पासबुक, 51 एटीएम कार्ड, 15 चेकबुक और 25 सिम कार्ड जब्त किए। जांच में पता चला कि आरोपी फर्जी ऑनलाइन साइट बनाकर सस्ते दामों पर सामान का लालच देकर ठगी करते थे और “100 BOOK” नामक ऑनलाइन गेमिंग और बेटिंग ऐप के माध्यम से देशभर में अवैध सट्टेबाजी नेटवर्क चला रहे थे।
गिरोह के बैंक खातों में 50 करोड़ रुपये से अधिक का लेन-देन दर्ज हुआ है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय खैरागढ़ में आयोजित पत्रकार वार्ता में आईजी राजनांदगांव रेंज अभिषेक शांडिल्य ने मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए एसपी लक्ष्य शर्मा और पूरी टीम की सराहना की तथा संबंधित पुलिस कर्मियों के लिए पुरस्कार की घोषणा की।
यह कार्रवाई प्रदेश में अब तक की सबसे बड़ी साइबर उपलब्धि मानी जा रही है।




