Home छत्तीसगढ़ छत्तीसगढ़़ की 11 लोकसभा सीटों पर कांग्रेस ने पर्यवेक्षक भेजे:राष्ट्रीय प्रवक्ता अजय...

छत्तीसगढ़़ की 11 लोकसभा सीटों पर कांग्रेस ने पर्यवेक्षक भेजे:राष्ट्रीय प्रवक्ता अजय उपाध्याय बोले- छत्तीसगढ़ के साथ केंद्र में बनेगी कांग्रेस की सरकार

0
66

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) छत्तीसगढ़ में होने वाले विधानसभा चुनाव के साथ-साथ लोकसभा चुनाव को लेकर भी रणनीति बनाने में जुट गई है। यही वजह है कि AICC ने प्रदेश के सभी 11 लोकसभा में एक-एक पर्यवेक्षक भेजा है। बिलासपुर लोकसभा के लिए राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. अजय उपाध्याय को ऑब्जर्वर बनाया गया। उन्हें विधानसभा चुनाव के साथ ही केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ माहौल बनाने का जिम्मा दिया गया है।

शनिवार की देर शाम राष्ट्रीय प्रवक्ता सह पर्यवेक्षक डॉ. उपाध्याय बिलासपुर पहुंचे, जहां कांग्रेस नेताओं ने ढोल-ताशे और फूलमालाओं से उनका स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने पहले कांग्रेस नेताओं से मुलाकात कर चर्चा की। इसके साथ ही बिलासपुर लोकसभा के अंतर्गत आने वाले विधानसभा क्षेत्रों के साथ ही दावेदारों की जानकारी भी ली।

डॉ. उपाध्याय के आने की जानकारी पहले ही कांग्रेस नेताओं को मिल गई थी। लिहाजा, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विजय केशरवानी, शहर अध्यक्ष विजय पांडेय सहित कांग्रेस नेताओं ने उनकी अगवानी की। इस दौरान छत्तीसगढ़ भवन में जिले के छह विधानसभा क्षेत्रों में दावेदारों की भीड़ लगी रही। हालांकि, उन्होंने कांग्रेस की दावेदारी को लेकर कोई बात नहीं की। उन्होंने दो टूक कहा कि कांग्रेस को जिताने के लक्ष्य पर काम करना है।

विधानसभा चुनाव के बहाने लोकसभा पर कांग्रेस की नजर
जानकारों का कहना है कि AICC की नजर में विधानसभा चुनाव के लिहाज से छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की स्थिति बेहतर है। चुनाव के दौरान प्रत्याशियों की मदद और कांग्रेस नेताओं की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए लोकसभावार पर्यवेक्षक बनाया गया है। पर्यवेक्षक प्रदेश भर में लोकसभा की 11 सीटों पर नजर रखेंगे और आने वाले लोकसभा चुनाव के पहले केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ माहौल बनाएंगे।