Home Uncategorized प्रदेश में कोल्ड वेव का कहर जारी, खुले में सोए व्यक्ति की...

प्रदेश में कोल्ड वेव का कहर जारी, खुले में सोए व्यक्ति की ठंड से मौत

0
86

अंबिकापुर। शहर में बढ़ते ठंड के बीच एक दुखद घटना सामने आई है। पुराने बस स्टैंड इलाके में खुले में सोए एक अज्ञात व्यक्ति की ठंड से मौत हो गई। बुधवार सुबह स्थानीय लोगों ने पुराने बस स्टैंड के पास उसकी लाश पड़ी देखी, जिसके बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है, लेकिन आसपास के लोगों का कहना है कि वह पिछले कुछ दिनों से इसी इलाके में दिखाई दे रहा था और संभवतः भीख मांगकर गुजर-बसर कर रहा था।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मृतक के पास गर्म कपड़ों का अभाव था और वह मंगलवार शाम को भी खुले में ठंड से कांपता दिखाई दिया था। रात के समय तापमान में अचानक गिरावट के बाद हालात और अधिक खराब हो गए। प्राथमिक जांच में पुलिस का मानना है कि ठंड ही उसकी मौत का मुख्य कारण है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से मौत के कारण की स्पष्ट पुष्टि होगी।

गौरतलब है कि अंबिकापुर और आसपास के क्षेत्रों में ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। शहर में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे दर्ज किया गया है। मौसम विभाग ने सरगुजा, दुर्ग, बिलासपुर और रायपुर संभाग के दो से तीन पॉकेट में अगले 48 घंटों तक कोल्ड वेव चलने का अलर्ट जारी किया है। इससे लोगों को सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियाँ बरतने की सलाह दी गई है।