CM विष्णुदेव साय का अचानक दिल्ली दौरा फाइनल, कल PM मोदी से मुलाकात संभव
नक्सलमुक्ति, विकास और अहम मुद्दों पर हो सकती है चर्चा, अमित शाह से भी मुलाकात के संकेत
रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आज सोमवार को अचानक दिल्ली दौरा फाइनल हो गया है। जानकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री आज रात रायपुर से दिल्ली रवाना होंगे और मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर सकते हैं।
सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री साय की यह दिल्ली यात्रा काफी अहम मानी जा रही है। हालांकि, मुलाकात में किन विषयों पर चर्चा होगी, यह अभी स्पष्ट नहीं है, लेकिन बताया जा रहा है कि छत्तीसगढ़ से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर बातचीत हो सकती है।
नक्सलमुक्ति के बाद उठाए गए कदमों पर प्रजेंटेशन संभव
जानकार सूत्रों का कहना है कि बस्तर में नक्सलमुक्ति के बाद छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से उठाए गए कदमों पर मुख्यमंत्री साय, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को विस्तृत प्रजेंटेशन दे सकते हैं।
इस बैठक में राज्य के विकास, सुरक्षा, निवेश और बुनियादी ढांचे से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा होने की संभावना जताई जा रही है।
प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह भी रहेंगे साथ:खबर यह भी है कि मुख्यमंत्री के साथ उनके प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह और उनकी टीम भी दिल्ली जा रही है, जिससे माना जा रहा है कि यह यात्रा सिर्फ औपचारिक मुलाकात नहीं, बल्कि नीतिगत और प्रशासनिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण हो सकती है।
सुबह के कार्यक्रम में नहीं था दिल्ली दौरे का जिक्र
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री साय के आज सुबह जारी कार्यक्रम में दिल्ली दौरे का कोई उल्लेख नहीं था।सोमवार को उनका अंतिम निर्धारित कार्यक्रम एकात्म परिसर में है। इसके बाद वे सीएम हाउस पहुंचेंगे और फिर रायपुर एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे।
सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री का विमान रात 9:30 बजे रायपुर से उड़ान भरेगा और करीब दो घंटे बाद दिल्ली पहुंचेगा। दिल्ली पहुंचने के बाद वे छत्तीसगढ़ सदन में रात्रि विश्राम करेंगे।
अमित शाह से भी मुलाकात संभवसूत्र यह भी बता रहे हैं कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से भी मुलाकात हो सकती है।
अगर ऐसा होता है, तो नक्सलवाद, आंतरिक सुरक्षा और बस्तर के विकास मॉडल जैसे मुद्दे चर्चा के केंद्र में रह सकते हैं।
बुधवार तक रायपुर लौटने की संभावना: फिलहाल, मुख्यमंत्री की मंगलवार को रायपुर वापसी की संभावना कम बताई जा रही है। संभावना है कि वे बुधवार सुबह तक रायपुर लौटेंगे




