Home KORBA अलग-अलग जगह आपसी विवाद को लेकर झड़प, 6 घायल:एक जगह हुई चाकूबाजी,...

अलग-अलग जगह आपसी विवाद को लेकर झड़प, 6 घायल:एक जगह हुई चाकूबाजी, 2 लोग घायल, दूसरे मामले में लाठी-डंडे से पिटाई, 4 जख्मी, इलाज जारी

0
43

Acn18.com/छत्तीसगढ़ के जगदलपुर शहर में बुधवार की देर रात दो अलग-अलग जगह पर जमकर बवाल हुआ है। बताया जा रहा है कि बोधघाट इलाके में कुछ युवाओं के बीच आपसी विवाद के चलते चाकूबाजी हुई। जिसमें दो लोग घायल हो गए हैं। जबकि शहर के ही एक दूसरे इलाके में आपसी विवाद के चलते जमकर लात-घूंसे चले। लाठी- डंडे से एक- दूसरे की पिटाई की गई। इस वारदात में करीब तीन से चार लोग जख्मी हुए हैं। दोनों मामलों के सभी घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।

बताया जा रहा है कि, बुधवार की रात किसी मामले को लेकर बोधघाट में कुछ युवकों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि उनके बीच चाकूबाजी हो गई। कुछ लोगों ने अपने पास चाकू रखा था, जिससे एक- दूसरे पर वार कर दिया। इस वारदात में 2 लोगों को चोट आई है। वारदात के बाद आरोपी मौके से भाग निकले। जो घायल हुए उन्हें वहां मौजूद लोगों ने महारानी अस्पताल लाया। जहां उनका इलाज चल रहा है। यह पूरा मामला बोधघाट थाना क्षेत्र का है।

वहीं दूसरा विवाद भी उसी रात शहर के भाटगुड़ा इलाके में हुआ। यहां भी किसी बात को लेकर पक्षों के बीच विवाद हो गया था। जहां जमकर पहले लात-घूंसे चले। फिर एक दूसरे पर लाठी-डंडे से वार किया गया।इस वारदात में करीब 3 से 4 लोग घायल हुए हैं। इन्हें भी देर रात अस्पताल लाया गया। बताया जा रहा है कि महारानी अस्पताल में प्राथमिक उपचार होने के बाद इन घायलों को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। जहां उनका इलाज जारी है। फिलहाल इन दोनों मामले में खबर लिखे जाने तक FIR नहीं हुई थी।