रायपुर। छत्तीसगगढ़ में बीते 92 दिनों में 1039.8 मिमी वर्षा हुई है, जो सामान्य से 10 प्रतिशत ज्यादा है। मौसम विभाग के अनुसार इतने दिनों में प्रदेश में 942.1 मिमी वर्षा होनी चाहिए थी। वर्षा के ये आंकड़े एक जून से लेकर एक सितंबर तक के हैं। प्रदेश में अभी तक बीजापुर में सर्वाधिक 2094.6 मिमी वर्षा हुई है और सरगुजा में सबसे कम 501.5 मिमी वर्षा हुई है।
प्रदेश के एक जिले में अति भारी वर्षा, 10 जिलों में सामान्य वर्षा, 11जिलों में ज्यादा वर्षा और पांच जिलों में कम वर्षा हुई है। रायपुर जिले में 772.5 मिमी वर्षा हुई, जो सामान्य से नौ प्रतिशत कम है। संभावना जताई जा रही है कि मानसून इस वर्ष अपने समय से पहले ही विदा हो सकता है। बताया जा रहा है कि इस महीने के आखिर तक दक्षिण पश्चिम मानसून की विदाई हो सकती है।
रायपुर सहित प्रदेश के कई क्षेत्रों में अब खंड वर्षा होने लगी है। गुरुवार सुबह से ही रायपुर सहित प्रदेश भर में मौसम सामान्य रहा। वहीं रायपुर के ही कई क्षेत्रों में जमकर वर्षा हुई। मौसम विभाग का कहना है कि इन दिनों मजबूत सिस्टम नहीं बन रहा है। इसके चलते ही वर्षा थोड़ी कम हो रही है। आने वाले दिनों में भी मौसम का मिजाज इस प्रकार ही बना रहेगा। पिछले कुछ दिनों से रात को हो रही जमकर वर्षा के बाद दूसरे दिन सुबह उमस में बढ़ोतरी हो रही है।