Acn18.com/छत्तीसगढ़ का आज बजट पेश होने जा रहा है। वित्त मंत्री ओपी चौधरी दोपहर 12:30 बजे छत्तीसगढ़ विधानसभा में बजट पेश करेंगे। छत्तीसगढ़ का यह 25वां बजट होगा। ये बजट करीब 1 लाख 60 हजार करोड़ रुपए का हो सकता है। बजट पेश होने से पहले साय कैबिनेट की मीटिंग होगी।
इससे पहले ओपी चौधरी ने कहा कि, इस साल का बजट पिछले बजट की निरंतरता में एक और बड़ा कदम होगा। 2047 तक विकसित छत्तीसगढ़’ का निर्माण करना है। इस दिशा में यह बजट नीतिगत सुधारों, आर्थिक सशक्तिकरण और राज्य के विकास का मार्ग प्रशस्त करेगा।
बजट से पहले होगी कैबिनेट बैठक
बजट से पहले साय सरकार की एक और कैबिनेट बैठक होगी। ये बैठक बजट पेश होने से कुछ मिनट पहले होगी। बैठक में बजट को मंजूरी देकर इसे सदन में पेश किया जाएगा। इस बैठक के लिए सभी मंत्रियों को सूचित किया गया है। बैठक विधानसभा के मुख्यमंत्री कैबिन में की जाएगी। रविवार को भी कैबिनेट की बैठक हुई थी।
बजट से पहले बड़ा फैसला, शराब होगी सस्ती
छत्तीसगढ़ में अब शराब सस्ती होगी। बजट से ठीक एक दिन पहले साय कैबिनेट की बैठक में इसे लेकर फैसला किया गया है। अंग्रेजी शराब पर लगने वाला 9.5% आबकारी शुल्क खत्म किया गया है। इससे हर बोतल पर 40 रुपए से 3 हजार रुपए तक दाम घट जाएंगे। रविवार को मंत्रालय में हुई कैबिनेट बैठक में इसके अलावा कुछ विधेयकों को भी मंजूरी दी गई।