बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एक बड़ी धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। दुबई की धार्मिक यात्रा कराने का झांसा देकर कटघोरा निवासी वसीम अली और उसकी पत्नी रेशमा रूबी ने 35 लाख रुपये की ठगी की। मामले की शिकायत शेख अकरम नामक व्यक्ति ने दर्ज कराई है, जिन्होंने आरोप लगाया है कि वसीम अली और रेशमा अली ने उनके अलावा 10 अन्य लोगों से भी बड़ी रकम वसूल की।
वसीम अली और रेशमा अली, जो तालापारा स्थित एक टूर एंड ट्रेवल्स का दफ्तर चलाते थे, ने 2023 में शेख अकरम और उनके कई साथियों से दुबई की धार्मिक यात्रा कराने का वादा किया। इसके बदले में उन्होंने बड़ी रकम वसूल की, लेकिन तय समय पर यात्रा नहीं कराई और न ही पैसे वापस किए।
शेख अकरम का कहना है कि आरोपियों ने न सिर्फ उनका, बल्कि अन्य लोगों का भी विश्वास तोड़ा। सिविल लाइन थाना पुलिस ने इस मामले में जुर्म दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। इस धोखाधड़ी के मामले में पुलिस के लिए यह जांच एक चुनौती बन गई है, क्योंकि आरोपियों ने कई लोगों को ठगा है।




