रायपुर 14 नवंबर 2025। बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) को स्पष्ट और निर्णायक बढ़त मिलते ही पूरे छत्तीसगढ़ भाजपा संगठन में उत्साह की लहर दौड़ गई। बिहार में एनडीए की बढ़त को लेकर जैसे ही शुरुआती रुझान आने शुरू हुए, छत्तीसगढ़ के भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं में खुशी का माहौल बन गया। दोपहर तक जैसे ही तस्वीर और साफ हुई, भाजपा कार्यालयों में जीत का जश्न मनाया जाने लगा।
गौरतलब है कि इस बार बिहार चुनाव में छत्तीसगढ़ भाजपा की सक्रिय भूमिका महत्वपूर्ण रही। चुनाव प्रचार शुरू होने के बाद से ही छत्तीसगढ़ भाजपा के कई विधायक, मंत्री और वरिष्ठ नेता बिहार में डेरा डाले हुए थे। प्रदेश संगठन द्वारा उन्हें बिहार के अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों की जिम्मेदारी सौंपी गई थी, जहां उन्होंने लगातार एक माह तक ताबड़तोड़ प्रचार-प्रसार किया। स्थानीय मतदाताओं से संपर्क, बूथ प्रबंधन, सभाओं का संचालन और पार्टी रणनीति के क्रियान्वयन में छत्तीसगढ़ के नेताओं ने अहम भूमिका निभाई।
बिहार से आ रहे सकारात्मक रुझानों के बीच आज मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने मंत्रिमंडल के साथ राजधानी में जीत का जश्न मनाया। मुख्यमंत्री साय ने सभी मंत्रियों को मिठाई खिलाकर जीत की बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह जीत केंद्र और राज्य दोनों स्तरों पर भाजपा की नीतियों, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और संगठन की मेहनत का परिणाम है।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि छत्तीसगढ़ के मंत्रियों और विधायकों ने बिहार में जो अथक मेहनत की, वह सराहनीय है। “हमारी टीम पिछले कई हफ्तों से बिहार में चुनाव अभियान में सक्रिय रही। उनकी मेहनत और जनता के विश्वास ने आज यह परिणाम दिया है,” उन्होंने कहा।
भाजपा कार्यकर्ताओं में भी जीत को लेकर खासा उत्साह देखा गया। पार्टी कार्यालयों, जिलों और मंडलों में जगह-जगह पटाखे फोड़े गए, मिठाई बांटी गई और देशभक्ति के गीतों पर कार्यकर्ताओं ने नृत्य भी किया। सोशल मीडिया पर भी छत्तीसगढ़ भाजपा नेताओं की ओर से बिहार की जनता को बधाई संदेशों की बाढ़ सी आ गई।छत्तीसगढ़ भाजपा का कहना है कि बिहार चुनाव परिणामों ने एक बार फिर यह संदेश दिया है कि देश की जनता विकास और स्थिरता के लिए एनडीए को ही अपनी पहली पसंद मानती है। संगठन का मानना है कि यह उत्साह छत्तीसगढ़ के आगामी राजनीतिक माहौल पर भी सकारात्मक प्रभाव डालेगा।



