दीपका खदान में सीबीआई की दबिश!मालगांव अधिग्रहण की अनियमितताओं पर तेज हुई कार्रवाई, हरदी बाजार भी रडार पर

0
128

दीपका खदान में सीबीआई की दबिश!मालगांव अधिग्रहण की अनियमितताओं पर तेज हुई कार्रवाई, हरदी बाजार भी रडार पर।

दीपका,
दीपका खदान क्षेत्र में इस समय हलचल तेज है। सीबीआई की विशेष टीम पिछले एक सप्ताह से SECL दीपका क्षेत्र में मौजूद रहकर अहम दस्तावेजों की गहन छानबीन कर रही है। सूत्रों के अनुसार जांच का केंद्रबिंदु बना है—ग्राम मालगांव का अधिग्रहण, जिस पर अनियमितताओं की गंभीर शिकायतें दर्ज कराई गई थीं।

इसके साथ ही ग्राम हरदी बाजार, जिसे भविष्य में अधिग्रहित किए जाने की प्रक्रिया जारी है, वह भी अब जांच एजेंसी की खास निगरानी में आ गया है।

*एक हफ्ते से दस्तावेज़ खंगाल रही सीबीआई — प्रबंधन में खलबली!*

प्रबंधन के स्थानीय सूत्र बताते हैं कि सीबीआई अधिकारियों ने बीते दिनों

भूमि रिकार्ड,मुआवजा फाइलें,वित्तीय अनुमोदन,नापजोख से जुड़े मूल दस्तावेज,और अधिग्रहण प्रक्रिया से जुड़े प्रेजेंटेशन सहित कई महत्वपूर्ण कागज़ात की विस्तृत जांच की है।

हालांकि SECL ने इस पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है, लेकिन अंदरखाने संस्थानिक अधिकारियों में स्पष्ट रूप से घबराहट का माहौल देखा जा रहा है।

*ग्रामवासियों की नजरें दिल्ली की जांच एजेंसी पर — “अब सच बाहर आएगा”*

मालगांव के ग्रामीणों का कहना है कि अधिग्रहण के दौरान मुआवजा, प्रक्रिया और पारदर्शिता से जुड़े कई सवाल लंबे समय से उठते रहे हैं। अब सीबीआई की मौजूदगी ने गांवों में उम्मीद जगा दी है कि सालों से लंबित सवालों का जवाब अंततः सामने आ सकता है।

हरदी बाजार के निवासी भी सतर्क हैं, क्योंकि यदि मालगांव अधिग्रहण में अनियमितताओं की पुष्टि होती है, तो इसका सीधा असर भविष्य की अधिग्रहण प्रक्रियाओं पर पड़ सकता है।

*जांच का दायरा बढ़ने के संकेत — सीबीआई की टीम फिर लौट सकती है*

सूत्रों का दावा है कि सीबीआई की यह पड़ताल लगातार जारी है।
जांच का दायरा बढ़ने की पूरी संभावना है, और टीम जल्द ही फिर से दीपका क्षेत्र का दौरा कर सकती है।

खनन क्षेत्र में ऐसी उच्चस्तरीय एजेंसी की सक्रियता ने यह साफ कर दिया है कि मामला सतही नहीं, गंभीर और संवेदनशील है।