Budget Session: विधानसभा सत्र में शामिल होने पहुंचे कवासी लखमा, सदन में सभी सदस्यों से की मुलाकात, अध्यक्ष की अनुमति से मिली उपस्थिति

रायपुर | शराब घोटाला मामले में करीब 15 माह तक जेल में रहने के बाद वरिष्ठ कांग्रेस नेता कवासी लखमा आज विधानसभा सत्र में शामिल होने पहुंचे। विधानसभा अध्यक्ष की विशेष अनुमति के बाद लखमा ने सदन में उपस्थिति दर्ज कराई।
विधानसभा पहुंचने के बाद कवासी लखमा ने सत्तापक्ष और विपक्ष दोनों के सदस्यों से मुलाकात की। उन्होंने खुद सत्तापक्ष के सदस्यों के पास जाकर अभिवादन किया और मंत्रियों एवं विधायकों से व्यक्तिगत रूप से भेंट की। सदन के भीतर उनकी मौजूदगी को लेकर राजनीतिक हलकों में खासा ध्यान देखने को मिला।
लखमा की यह उपस्थिति पूरी तरह विधानसभा अध्यक्ष की अनुमति के आधार पर रही। जेल से बाहर आने के बाद यह पहला मौका है जब वे सीधे विधानसभा सत्र में नजर आए।
गौरतलब है कि कवासी लखमा शराब घोटाला मामले में करीब डेढ़ साल तक न्यायिक हिरासत में रहे थे। उनकी सदन में वापसी को कांग्रेस के लिए राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
बजट सत्र शुरू होने के पहले हुई कार्यमंत्रणा समिति की बैठक
छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र की शुरुआत से पहले आज कार्य मंत्रणा समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता डॉ. रमन सिंह, विधानसभा अध्यक्ष, ने की। यह बैठक छत्तीसगढ़ विधानसभा के समिति कक्ष में संपन्न हुई।

बैठक में विष्णु देव साय मुख्यमंत्री, डॉ. चरणदास महंत नेता प्रतिपक्ष, अरुण साव उपमुख्यमंत्री, केदार कश्यप संसदीय कार्य मंत्री, ओ. पी. चौधरी वित्त मंत्री तथा रामविचार नेताम कृषि मंत्री विशेष रूप से उपस्थित रहे।इसके अलावा विधायक धरमलाल कौशिक, धर्मजीत सिंह, अजय चंद्राकर सहित कार्य मंत्रणा समिति के अन्य सदस्य भी बैठक में शामिल हुए।
बैठक में बजट सत्र के दौरान सदन की कार्यवाही, चर्चा की अवधि, प्रमुख विधायी कार्यों और प्रश्नकाल की रूपरेखा पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। साथ ही यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया कि सत्र का संचालन सुचारु, व्यवस्थित और सार्थक ढंग से हो।गौरतलब है कि आज से छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजट सत्र प्रारंभ हो रहा है, जिसे देखते हुए यह बैठक अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जा रही है




