बिजली खंभे से बंधा मिला BJP नेता का शव:बेल्ट से गला घोंटकर हत्या करने की आशंका, पत्नी और बहन ने देखी लाश

Acn18.com/छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में भाजपा नेता का शव बिजली खंभे से बंधा हुआ मिला है। उसके गले पर बेल्ट बंधा था। ऐसी संभावना है कि, बेल्ट से गला घोंटकर हत्या की गई है। मामला लोरमी थाना क्षेत्र का है।

वार्ड नंबर 5 के रहने वाले शैलेंद्र जायसवाल(45) एल्डरमैन रह चुके थे। इन दिनों वह एक सरकारी स्कूल में भाजपा सांसद अरुण साव के प्रतिनिधि की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। बताया गया है कि रोज की तरह वह शुक्रवार को भी राम्हेपुर स्थित अपने कियोस्क सेंटर में भी गए थे।

रात तक लौटे ही नहीं

सेंटर के आस-पास उन्हें शुक्रवार शाम को देखा गया था। इसके बाद शाम को ही वह अपनी बाइक छोड़कर वहां से निकले थे। जिसके बाद से उनका पता नहीं चल सका था। रात तक नहीं लौटने पर पत्नी और घर के लोगों ने शैलेंद्र के दोस्तों को इस बात की जानकारी दी। परिजन अपने स्तर पर भी उनकी तलाश कर रहे थे।

अगले दिन पत्नी और बहन ने देखी लाश

पुलिस को भी इस बात की खबर दी गई थी। रात में सभी शैलेंद्र की तलाश कर रहे थे। मगर उनका कुछ पता नहीं चला। इस बीच शैलेंद की पत्नी और बहन शनिवार सुबह राम्हेपुर के आस-पास भी उसका तलाश कर रहे थे। इसी दौरान एक खेत में शैलेंद्र का शव दोनों ने देखा था।

शव देखते ही शैलेंद्र की पत्नी जोर-जोर से रोने लगी। उसकी बहन ने पुलिस और परिजनों को सूचना दी। जिसके बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची, तब उन्होंने देखा कि शैलेंद्र का शव खंभे से बंधा हुआ था। शरीर के कुछ हिस्सों में चोट के निशान थे। फॉरेंसिक की टीम को भी मौके पर बुलाया गया था।

मौके पर मिला फोन

पुलिस ने मौके से उसका फोन भी जब्त किया है। फिलहाल शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि पीएम रिपोर्ट के बाद ही कुछ साफ हो सकेगा। मामले में अलग-अलग एंगल से जांच जारी है। फोन की भी जांच की जा रही है।